बेगूसराय | 31 जुलाई 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बिहार संस्कृत प्राथमिक सह माध्यमिक शिक्षक संघ एवं मदरसा डेवलपमेंट ऑर्गनाइजेशन के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को जिलाधिकारी एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी को आवेदन सौंपकर अराजकीय प्रस्वीकृत एवं मान्यता प्राप्त संस्कृत तथा मदरसा विद्यालयों के शिक्षकों एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों के पिछले पांच माह से लंबित वेतन का अविलंब भुगतान कराने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल के सदस्य जिला सचिव ललन कुमार, संगठन सचिव संजय कुमार, उपाध्यक्ष उमेश पाठक एवं द्वारिकाधर संस्कृत मध्य विद्यालय के शिक्षक गिरीश कुमार ने बताया कि जांच के नाम पर वेतन लंबित रहने से शिक्षकों के समक्ष परिवार के भरण-पोषण, बच्चों की शिक्षा, चिकित्सा, बैंक ऋण की किस्त तथा दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है।उन्होंने कहा कि लंबे समय तक वेतन लंबित रहने से शिक्षकों का मनोबल प्रभावित हो रहा है और शिक्षा व्यवस्था पर भी प्रतिकूल असर पड़ सकता है।
प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन से संबंधित विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर मानवता के आधार पर लंबित वेतन का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित कराने का अनुरोध किया। इस अवसर पर नमीषा कुमारी, विकास कुमार, मो. बशर, मो. खालिद हुसैन, मो. शब्बीर, मो. कमरुल हक, मो. तौसीफज्जमा, मो. सनाउल्लाह, मो. जफरुल हुसैन, मो. तास्कीन मंजर, मो. सरफराज सहित अन्य लोग उपस्थित थे।







Total views : 97279