बेगूसराय, 23 जुलाई 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
दिल्ली में संसद मार्च के दौरान छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में गुरुवार को बेगूसराय में ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (AISF), ऑल इंडिया यूथ फेडरेशन (AIYF) और ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) के बैनर तले जिला समाहरणालय पर प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए राष्ट्रपति के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपा।

जीडी कॉलेज से निकला मार्च, समाहरणालय तक पहुंचे प्रदर्शनकारी: प्रदर्शन की शुरुआत जीडी कॉलेज से हुई। AISF जिला सचिव सत्यम भारद्वाज और AIYF जिला सचिव धीरेन्द्र कुमार के नेतृत्व में छात्र और युवा नारेबाजी करते हुए जिला समाहरणालय पहुंचे। प्रदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में छात्र-युवा शामिल हुए।

अमीन हमजा बोले – इस्तीफे तक आंदोलन जारी रहेगा: प्रदर्शन को संबोधित करते हुए AISF के राष्ट्रीय सचिव अमीन हमजा ने आरोप लगाया कि संसद मार्च के दौरान लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांग उठा रहे छात्रों पर पुलिस द्वारा बल प्रयोग किया गया, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि देश में लगातार हो रहे पेपर लीक, शिक्षा के बाजारीकरण और छात्रों पर हो रहे दमन की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि जब तक इस्तीफा नहीं होगा, आंदोलन जारी रहेगा।

अमरेश कुमार ने उपद्रवियों की भूमिका की निंदा की: AISF जिला अध्यक्ष अमरेश कुमार ने कहा कि दिल्ली में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज करने वाले पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि आंदोलन के दौरान कुछ उपद्रवियों ने प्रदर्शन को भटकाने का प्रयास किया, जिसकी संगठन निंदा करता है।
गिरफ्तार छात्रों की रिहाई और रोजगार की मांग: AISF के राज्य सह सचिव राकेश कुमार, AISA के जिलाध्यक्ष सोनू फर्नाज तथा राज्य उपाध्यक्ष अजय कुमार ने संसद मार्च के दौरान गिरफ्तार छात्रों की तत्काल रिहाई और दर्ज मामलों को वापस लेने की मांग की। अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो खिलाड़ी कैसर रेहान और जिला उपाध्यक्ष वसंत कुमार ने कहा कि देशभर में रिक्त सरकारी पदों पर जल्द बहाली की जाए तथा शिक्षा और रोजगार को मौलिक अधिकार के रूप में सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाया जाएगा।
राष्ट्रपति के नाम सौंपा गया ज्ञापन: प्रदर्शन के अंत में संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने अपनी विभिन्न मांगों से संबंधित ज्ञापन राष्ट्रपति के नाम जिला प्रशासन को सौंपा। इस प्रदर्शन में अमोद कुमार, राहुल कुमार, रजनीश कुमार, अतुल कुमार, शाहरुख इकबाल, शादाब खुर्शीद, अंकित सिंह, रितेश कुमार, मोहम्मद सुफियान, श्याम कुमार, किशन कुमार, रवीना कुमारी, कंचन कुमारी, श्वेता कुमारी सहित AISF, AIYF और AISA के कई पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-युवा मौजूद रहे।







Total views : 96268