बेगूसराय, 10 जुलाई 2026: नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
शहीद सुखदेव सिंह समन्वय समिति की ओर से शुक्रवार को सर्वोदय नगर स्थित सुखदेव सभागार में प्रसिद्ध स्वतंत्रता सेनानी एवं “बेगूसराय के गांधी” के नाम से विख्यात बैद्यनाथ चौधरी की 11वीं पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जेपी सेनानी संपूर्ण क्रांति मोर्चा के राष्ट्रीय सचिव एवं शिक्षक नेता अमरेंद्र कुमार सिंह ने की।
स्वतंत्रता संग्राम और गांधीवादी विचारों को किया याद: कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अमरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि बैद्यनाथ चौधरी का जन्म 15 फरवरी 1925 को समस्तीपुर जिले के पत्रिका गांव में हुआ था। बचपन में ही उनका परिवार बेगूसराय के बजलपुरा आ गया, जहां उन्होंने शिक्षा प्राप्त की। छात्र जीवन से ही वे महात्मा गांधी के विचारों से प्रभावित होकर स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय रहे। उन्होंने कहा कि बैद्यनाथ चौधरी ने अपना पूरा जीवन सत्य, अहिंसा, सादगी और समाज सेवा के लिए समर्पित किया। उनके आदर्श आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
सत्य, अहिंसा और सामाजिक समरसता के प्रतीक थे बैद्यनाथ चौधरी: साहित्यकार डॉ. चंद्रशेखर चौरसिया ने कहा कि बैद्यनाथ चौधरी सरल स्वभाव, मधुर व्यवहार और उत्कृष्ट आचरण वाले व्यक्तित्व थे। उन्होंने अपने जीवन में महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों का अनुसरण किया और समाज में भाईचारे एवं नैतिक मूल्यों को बढ़ावा दिया।समाजसेवी रविशंकर पोद्दार गांधी ने कहा कि बैद्यनाथ चौधरी युवाओं को अनुशासन, संयम और समाज के प्रति जिम्मेदारी का संदेश देते थे। वे जातिवाद से ऊपर उठकर समाज को जोड़ने का कार्य करते रहे। उनके विचार आज भी नई पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक हैं।
इन लोगों ने भी व्यक्त किए विचार: कार्यक्रम में महिला सचिव सुनीता देवी, जेपी सेनानी जिला अध्यक्ष राजेंद्र महतो, अध्यापिका अर्चना कुमारी, इंजीनियर आलोक कुमार, नाथू शाह सहित कई सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य लोगों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए बैद्यनाथ चौधरी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।






Total views : 94039