ग्रामीणों की हुई ब्लड शुगर, एचआईवी, हेपेटाइटिस-बी और रक्तचाप की जांच, दवाएं भी वितरित
बेगूसराय, 15 जून (नेशनल पॉजिटिव न्यूज़)।
बेगूसराय जिले में आयोजित किए जाने वाले 152 समेकित स्वास्थ्य शिविरों की शुरुआत सोमवार को बखरी अनुमंडल अंतर्गत बांक डंडारी प्रखंड के बिशनपुर पंचायत से की गई। शिविर का उद्घाटन सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार ने फीता काटकर किया। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा गांव और पंचायत स्तर पर लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से समेकित स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि अपने गांव में आयोजित इस शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा नियमित स्वास्थ्य जांच कराएं।

शिविर में लोगों की ब्लड शुगर, एचआईवी, सिफलिस, हेपेटाइटिस-बी, रक्तचाप सहित विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी जांच की गई। साथ ही मरीजों को सामान्य एवं प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया तथा ब्लड शुगर और रक्तचाप की आवश्यक दवाएं भी वितरित की गईं। यौन संचारित रोगों की रोकथाम के लिए दवा किट भी उपलब्ध कराई गई।
स्वास्थ्य शिविर के साथ-साथ चार विभिन्न स्थानों पर आउटरीच गतिविधियों के तहत घर-घर जाकर रक्त जांच अभियान भी चलाया गया, जिससे अधिक से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित की जा सके। कार्यक्रम में डॉ. राजू कुमार, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मनमोहन कुमार, डॉ. सविता, आयुष चिकित्सक, जिला एड्स नियंत्रण एवं बचाव इकाई के डीपीएम अरविंद कुमार राय, मुखिया अमरजीत साहनी तथा बिहार ग्रामीण जागरूकता अभियान समिति के कार्यपालक निदेशक ई. कौशलेंद्र कुमार सहित कई अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

शिविर के सफल संचालन में पंकज कुमार (बीसीएम), रोहित कुमार, रामउदगार कुमार (सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी), मौसम कुमारी, खुशबू कुमारी एएनएम, आशीष, सन्नी कुमार (डाटा ऑपरेटर), बिहार ग्रामीण जागरूकता अभियान समिति के परियोजना प्रबंधक मनीष कुमार, परामर्शी अंबिका कुमारी, एम एंड ई रविन्द्र कुमार, आउटरीच वर्कर लक्ष्मी, प्रियंका, कविता, रीता, लक्ष्मण, जीविका की आशा कुमारी, आशा कार्यकर्ता, लिंक वर्कर स्कीम के सुजीत कुमार तथा सीएससी के मो. मोनाजिर सहित अन्य कर्मियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।







Total views : 90128