बेगूसराय, 13 जून | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
जिले में आम लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से 15 जून से समेकित स्वास्थ्य शिविर का आयोजन शुरू किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत डंडारी प्रखंड के बिशनपुर पंचायत से होगी, जहां शिविर का उद्घाटन सिविल सर्जन द्वारा किया जाएगा।शिविर के सफल आयोजन को लेकर बिहार ग्रामीण जागरूकता अभियान समिति की टीम ने संस्था के कार्यपालक निदेशक ई. कौशलेंद्र कुमार के नेतृत्व में कार्यक्रम स्थल का दौरा कर तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न हितधारकों के साथ बैठक भी आयोजित की गई।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों के साथ हुई बैठक: कार्यक्रम को अंतिम रूप देने के लिए टीम ने डंडारी के प्रखंड विकास पदाधिकारी से वार्ता की। बैठक में स्थानीय मुखिया अमरजीत साहनी, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (CHO), एएनएम मौसम कुमारी, संजू कुमारी, आंगनवाड़ी सेविका प्रियंका, सोनम, खुशबू, रुचि, ललिता, पूजा, अंजली सहित कई स्वास्थ्यकर्मी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।बैठक में शिविर के प्रचार-प्रसार, लाभार्थियों की पहचान तथा स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
स्वास्थ्य जांच से लेकर आयुष्मान कार्ड तक की मिलेगी सुविधा: समेकित स्वास्थ्य शिविर में लोगों को खून की जांच, विभिन्न रोगों की जांच एवं उपचार, निःशुल्क दवा वितरण, आयुष्मान भारत कार्ड निर्माण तथा यूडीआईडी (UDID) कार्ड बनाने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों तक एक ही स्थान पर विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है।
अन्य पंचायतों में भी तेज हुई तैयारियां: समिति की टीम ने साहेबपुरकमाल प्रखंड के कुरहा, सनहा पूर्वी एवं पचवीर पंचायतों में प्रस्तावित शिविरों की सफलता के लिए भी स्थानीय प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी, सीडीपीओ, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक सहित अन्य संबंधित पदाधिकारियों एवं हितधारकों से विचार-विमर्श किया गया।
टीम के सदस्य रहे उपस्थित: तैयारियों की समीक्षा करने वाली टीम में परियोजना प्रबंधक मनीष कुमार, परामर्शी अंबिका कुमारी, परियोजना समन्वयक रवीश कुमार सिंह, कविता कुमारी एवं लक्ष्मण कुमार शामिल थे। टीम ने सभी संबंधित पक्षों से सहयोग की अपील करते हुए अधिक से अधिक लोगों को शिविर का लाभ उठाने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया।






Total views : 89993