बेगूसराय। 21 सितंबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
नगर निगम कार्यालय के सभागार में सोमवार को सशक्त स्थायी समिति की बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता महापौर पिंकी देवी ने की। बैठक में प्रक्रियाधीन निविदाओं, शहर की सफाई व्यवस्था और दुर्गापूजा की तैयारियों समेत कई विकास योजनाओं की समीक्षा की गई।
महापौर ने कहा कि जनता की जरूरत से जुड़ी योजनाएं वर्षों तक प्रक्रिया में अटकी नहीं रहनी चाहिए। बोर्ड से निर्णय होने के बाद भी योजनाओं को जमीन पर उतरने में देरी गंभीर विषय है। उन्होंने अधिकारियों से देरी के कारणों की जानकारी ली और समय पर काम शुरू कराने का निर्देश दिया।
बैठक का संचालन नगर आयुक्त सोमेश बहादुर माथुर ने किया। इसमें उप नगर आयुक्त ओसामा इब्न मंसूर, नगर प्रबंधक राजीव रंजन सिंह सहित तकनीकी अधिकारी मौजूद रहे। उप महापौर अनीता देवी और समिति के सदस्यों गौरव कुमार, विपिन पासवान, विनय मिश्रा, नीलम देवी, गुलशन खातून, वंदना कुमारी और सुलेखा कुमारी ने भी विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
पुरानी निविदाओं की होगी समीक्षा, दुर्गापूजा से पहले सुधरेंगी सुविधाएं: अधिकारियों ने बताया कि बड़ी योजनाओं में अधीक्षण अभियंता के दिशा-निर्देश मिलने में देरी के कारण कई निविदाएं आगे नहीं बढ़ पा रही हैं। इस पर महापौर ने प्रक्रियागत कारणों से विकास कार्यों के लंबे समय तक लंबित रहने पर नाराजगी जताई।
बैठक में तय किया गया कि जिन पुरानी निविदाओं में अत्यधिक देरी हो चुकी है, उन्हें रद्द कर नए सिरे से निविदा आमंत्रित करने या विभागीय दिशा-निर्देश मिलने तक प्रतीक्षा करने पर नियमानुसार निर्णय लिया जाएगा। महापौर ने स्पष्ट किया कि जनता से जुड़े विकास कार्यों में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
दुर्गापूजा को लेकर निगम ने शहर के पूजा पंडालों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों का सर्वेक्षण पूरा कर लिया है। जरूरत के अनुसार टूटे नालों के ढक्कन बदलने, जलनिकासी दुरुस्त करने, पेवर ब्लॉक लगाने और खराब सड़कों की मरम्मत कराई जाएगी।
पूजा स्थलों के आसपास अस्थायी शौचालय, विशेष सफाई, चूना-ब्लीचिंग का छिड़काव और नियमित फॉगिंग की व्यवस्था की जाएगी। पंडालों के आसपास सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। जरूरत के अनुसार ड्रोन से भी निगरानी की जाएगी।
शहर की दीवारों पर मिथिला पेंटिंग कराने की तैयारी भी है। इससे पूजा के दौरान शहर को बेहतर स्वरूप देने का प्रयास किया जाएगा।
विसर्जन घाटों की व्यवस्था और 17 विकास योजनाओं को मंजूरीदुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए पोखरों की व्यवस्था पर भी बैठक में विशेष जोर दिया गया। बड़ी पोखर, बाघी पोखर, पुलिस लाइन पोखर और नौलखा पोखर में प्रतिमा विसर्जन किया जाता है।
इन स्थानों पर आवश्यक व्यवस्था के साथ विसर्जन वाले पोखरों में बोरिंग कर जलभराव की व्यवस्था कराने की बात कही गई। अधिकारियों को पूजा से पहले सभी जरूरी कार्य पूरा करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में सहयोग शिविर के तहत प्रस्तावित 17 विकास योजनाओं को स्वीकृति दी गई। इसके अलावा स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन पर चर्चा हुई।
स्ट्रीट लाइट, एमआरएफ एवं कंपोस्ट, लिगेसी वेस्ट, साफ-सफाई और डोर-टू-डोर कलेक्शन से जुड़े कार्यों के क्रियान्वयन और विस्तार के प्रस्तावों पर भी समिति ने विचार किया।






Total views : 107243