बेगूसराय। 21 सितंबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय में जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता-2026 के आयोजन की तैयारियां तेज हो गई हैं। सोमवार को खेल भवन-सह-व्यायामशाला में जिला खेल पदाधिकारी बिट्टू कुमार ने शारीरिक शिक्षकों के साथ बैठक की। बैठक में खिलाड़ियों के निबंधन की प्रगति की समीक्षा की गई और अधिक से अधिक खिलाड़ियों का निबंधन कराने पर जोर दिया गया।

जिला खेल पदाधिकारी ने सभी प्रखंडों से अब तक प्राप्त निबंधन फॉर्म की जानकारी ली। प्रतियोगिता का आयोजन सितंबर के अंतिम सप्ताह में होने की संभावना है। इसमें भाग लेने वाले खिलाड़ियों का निबंधन 18 सितंबर से 22 सितंबर 2026 तक किया जा रहा है।
20 से अधिक खेल विधाओं में हिस्सा लेंगे खिलाड़ी: जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता में एथलेटिक्स, फुटबॉल, वॉलीबॉल, कबड्डी, खो-खो, बैडमिंटन, ताइक्वांडो, भारोत्तोलन, बास्केटबॉल, कराटे, शतरंज, हैंडबॉल, बुशु, रग्बी, क्रिकेट, योग, कुश्ती, सेपक टकरा, हॉकी और तीरंदाजी सहित विभिन्न खेल विधाओं का आयोजन कराया जाएगा।
विद्यालयों को चयनित खिलाड़ियों के निबंधन के लिए जरूरी दस्तावेज पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं। इनमें निबंधन प्रमाण-पत्र, योग्यता प्रमाण-पत्र, फोटो, पिछले वर्ष का अंक प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड की छायाप्रति, विद्यालय की उपस्थिति पंजी की छायाप्रति और सक्षम पदाधिकारी द्वारा जारी जन्म प्रमाण-पत्र शामिल हैं।
सभी दस्तावेज निर्धारित प्रपत्र में तीन प्रतियों में तैयार करने हैं। इनमें एक मूल प्रति और दो छायाप्रति शामिल होंगी। विद्यालय प्रधान को इन्हें समेकित कर अग्रसारण प्रमाण-पत्र के साथ 22 सितंबर तक जिला खेल कार्यालय, बेगूसराय में जमा कराना है।
मशाल-2026 के लिए मास्टर ट्रेनरों का प्रशिक्षण शुरू: मशाल-2026 प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनरों का तीन दिवसीय गैर-आवासीय प्रशिक्षण भी सोमवार से शुरू हुआ। प्रशिक्षण 21 से 23 सितंबर 2026 तक खेल भवन-सह-व्यायामशाला, बेगूसराय में आयोजित किया जा रहा है।
प्रशिक्षण प्रतिदिन पूर्वाह्न 10:30 बजे से होगा। इसमें जिला स्तर के सभी मास्टर ट्रेनर और प्रखंड स्तर के नोडल शिक्षक शामिल हो रहे हैं। प्रशिक्षण का उद्देश्य आगामी प्रतियोगिता के आयोजन के लिए संबंधित शिक्षकों और प्रशिक्षकों को आवश्यक जानकारी एवं जिम्मेदारियों से अवगत कराना है।






Total views : 107224