बेगूसराय। 21 सितंबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय में भूमिहीन और वासभूमि रहित पात्र परिवारों को वासभूमि उपलब्ध कराने के लिए अभियान बसेरा-02 के तहत कार्रवाई तेज की जा रही है। जिलाधिकारी रिची पांडेय ने सोमवार को समाहरणालय में प्रेस वार्ता कर अभियान की प्रगति, निर्धारित लक्ष्य और आम लोगों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने बताया कि अभियान के तहत पूरे राज्य में 20 नवंबर 2026 को 30 हजार बंदोबस्ती प्रमाण-पत्र वितरित करने का लक्ष्य रखा गया है। बेगूसराय में भी पात्र परिवारों के चिह्नीकरण, जांच और बंदोबस्ती प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराने की प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी की जा रही है।
पात्र परिवारों को 3 से 5 डिसमिल तक वासभूमि: अभियान बसेरा-02 के तहत नियमानुसार पात्र भूमिहीन और वासभूमि रहित परिवारों को वासभूमि उपलब्ध कराई जाएगी। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग और अति पिछड़ा वर्ग के पात्र भूमिहीन परिवारों को न्यूनतम 3 डिसमिल से अधिकतम 5 डिसमिल तक वासभूमि उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जा रही है। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अंचल अधिकारियों और राजस्व पदाधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुसार पात्र लाभुकों का चिह्नीकरण, आवश्यक जांच और बंदोबस्ती प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराने की प्रक्रिया समय पर पूरा करने का निर्देश दिया।
पंचायतों में लगेंगे राजस्व शिविर, आवेदन अंचल कार्यालय में: डीएम ने कहा कि अभियान बसेरा-02 को केवल बंदोबस्ती प्रमाण-पत्र वितरण तक सीमित नहीं रखा जाएगा। आम लोगों की राजस्व संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए पंचायत स्तर पर शिविर और विशेष अभियान चलाए जाएंगे। इसके लिए राजस्व पदाधिकारियों का रोस्टर तैयार किया जा रहा है। अधिकारी नियमित रूप से पंचायतों का भ्रमण करेंगे। शिविरों में राजस्व संबंधी समस्याओं के समाधान, क्षतिग्रस्त जमाबंदी के सुधार और निःशुल्क भूमि मापी जैसे कार्यों का निष्पादन किया जाएगा। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को शिविरों की जानकारी व्यापक रूप से आम लोगों तक पहुंचाने का निर्देश दिया। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से भी अभियान की सुविधाओं और प्रावधानों की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील की।
डीएम ने स्पष्ट किया कि अभियान बसेरा के लिए आवेदन संबंधित अंचल कार्यालय में ही जमा किया जाना है। इसके लिए पटना स्थित राज्य मुख्यालय या किसी अन्य स्थान पर जाने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और किसी भी भ्रामक सूचना पर विश्वास नहीं करने की अपील की। अभियान के नाम पर लोगों को पटना ले जाने या गुमराह करने की शिकायत मिलने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रेस वार्ता में अपर समाहर्ता बेगूसराय बृज किशोर चौधरी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।






Total views : 107227