बेगूसराय, 29 मई 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बिहार राज्य किसान सभा के 38वें दो दिवसीय बेगूसराय जिला सम्मेलन की तैयारियां बागवाड़ा में जोर-शोर से चल रही हैं। यह सम्मेलन 31 मई से 1 जून 2026 तक गोपी कृष्ण संस्कृत उच्च विद्यालय, बागवाड़ा में आयोजित किया जाएगा।सम्मेलन में जिले के विभिन्न प्रखंडों से लगभग 250 प्रतिनिधि भाग लेंगे। सम्मेलन के दौरान किसानों से जुड़े विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा करते हुए आगे के संघर्षों की रणनीति तय की जाएगी।
किसानों की समस्याओं पर होगी चर्चा: सम्मेलन में न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) गारंटी कानून, कृषि क्षेत्र में कॉरपोरेट घरानों की बढ़ती दखलंदाजी, नया बीज विधेयक, खाद एवं बीज की किल्लत और कालाबाजारी, फसल क्षतिपूर्ति में धांधली, डीजल-पेट्रोल की बढ़ती कीमतें, महंगाई एवं भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। इसके अलावा सरकारी सिंचाई व्यवस्था के अभाव, कृषि ऋण माफी, कटाव पीड़ित किसानों के मुआवजे, बाढ़ एवं सुखाड़ की समस्या, भूमिहीन गरीबों के वास-आवास, पुनर्वास एवं पर्चे की समस्या, भूमि सर्वेक्षण एवं जमाबंदी सुधार में धांधली, गलत बिजली बिल और स्मार्ट मीटर के माध्यम से कथित लूट जैसे विषय भी सम्मेलन के केंद्र में रहेंगे।
राज्यस्तरीय नेता करेंगे संबोधित: सम्मेलन को बिहार राज्य किसान सभा के राज्य महासचिव विनोद कुमार तथा राज्य अध्यक्ष सह बेगूसराय के पूर्व विधायक राजेंद्र प्रसाद सिंह संबोधित करेंगे। संगठन के नेताओं द्वारा किसानों के अधिकारों और समस्याओं को लेकर आंदोलन को और मजबूत करने की रणनीति पर चर्चा की जाएगी। यह जानकारी बिहार राज्य किसान सभा के जिला सचिव दयानिधि चौधरी द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी गई।







Total views : 88466