बेगूसराय, 30 मई 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने और स्वास्थ्य सूचकांकों में सुधार लाने के उद्देश्य से 152 समेकित स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों के माध्यम से लोगों को समग्र स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इस अभियान की शुरुआत 11 जून को धबौली में आयोजित पहले स्वास्थ्य शिविर से होगी।

जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने कार्यालय प्रकोष्ठ में आयोजित समेकित स्वास्थ्य शिविर समन्वय समिति की प्रथम बैठक में कहा कि स्थानीय पंचायती राज प्रतिनिधि, आंगनवाड़ी सेविकाएं, आशा कार्यकर्ता तथा जीविका दीदियां घर-घर जाकर लोगों की स्वास्थ्य जांच एवं स्क्रीनिंग में सहयोग करेंगी। शिविरों में आयुष्मान कार्ड बनाने के साथ-साथ विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक स्टैटिक स्वास्थ्य शिविर में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी स्वास्थ्य टीम की सक्रियता तथा आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करेंगे। जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शिविरों के सफल एवं प्रभावी संचालन की मॉनिटरिंग वे स्वयं करेंगे।
बैठक में जिला स्तर पर बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के लिए जिला पंचायती राज पदाधिकारी, डीपीओ आईसीडीएस, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, डीपीएम जीविका तथा सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। सिविल सर्जन ने भी सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को शिविरों में पर्याप्त मेडिकल टीम और दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। डीपीएम डीएचएस नसीम ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की, जबकि जिला एड्स नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. राजू कुमार ने सभी 154 शिविरों का माइक्रोप्लान साझा किया। उन्होंने बताया कि शिविर आयोजन की जिम्मेदारी बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति द्वारा बिहार ग्रामीण जागरूकता अभियान समिति को सौंपी गई है।
बैठक में संस्था के कार्यपालक निदेशक ई. कौशलेंद्र कुमार ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से कार्ययोजना की जानकारी देते हुए बताया कि शिविरों का संचालन दो मोड में किया जाएगा। स्वास्थ्य शिविरों के आयोजन के साथ-साथ आउटरीच गतिविधियों के तहत घर-घर जाकर लोगों की स्वास्थ्य स्क्रीनिंग भी की जाएगी।बैठक में सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, आईसीटीसी, पीपीटीसीटी, एआरटी, बिहार ग्रामीण जागरूकता अभियान समिति एवं एलडब्ल्यूएस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







Total views : 88701