कवियों ने रचनाओं से स्वच्छता का संदेश दिया, वहीं पॉट पेंटिंग, ‘माय वेस्ट माय वंडर’ और रंगोली प्रतियोगिताओं में कर्मचारियों व उनके परिवारों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा।
बेगूसराय। इंडियन ऑयल की बरौनी रिफाइनरी में स्वच्छता पखवाड़ा 2026 के अंतर्गत विविध रचनात्मक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ऑफिसर क्लब (तरंग) में कवि सम्मेलन तथा जुबली हॉल में भव्य कला प्रदर्शनी आयोजित की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के बीच स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और रचनात्मकता को बढ़ावा देना था।
कवि सम्मेलन का उद्घाटन बरौनी रिफाइनरी के कार्यकारी निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख सत्य प्रकाश ने कार्यकारी निदेशक (परियोजना एवं कोर ग्रुप) संजय रायजादा, मुख्य महाप्रबंधकों, अधिकारी संघ एवं बीटीएमयू के प्रतिनिधियों तथा आमंत्रित कवियों के साथ दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में कवि अशान्त भोला, डॉ. अर्जुन सिसोदिया, राणा वीरेंद्र सिंह, प्रफुल्ल मिश्रा और कवित्री प्रियंका राय ‘ॐनंदिनी’ ने अपनी कविताओं के माध्यम से स्वच्छता, समाज और राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कार्यकारी निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख सत्य प्रकाश ने कहा कि राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। कविता भावनाओं की कलात्मक अभिव्यक्ति का सशक्त माध्यम है, जो समाज को सकारात्मक दिशा देने का कार्य करती है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल अभियान नहीं, बल्कि जीवनशैली का हिस्सा बननी चाहिए।
इसी क्रम में जुबली हॉल में आयोजित कला प्रदर्शनी में कर्मचारियों और उनके परिवारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रदर्शनी में पॉट पेंटिंग, ‘माय वेस्ट माय वंडर’ मॉडल प्रतियोगिता तथा रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन भी सत्य प्रकाश ने किया। इस दौरान संजय रायजादा, मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन) भास्कर हजारिका, मुख्य महाप्रबंधक (कोर ग्रुप) राजू माशाहारी, वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी एवं उनके परिवारजन उपस्थित रहे।
पॉट पेंटिंग प्रतियोगिता में 36 प्रतिभागियों ने भाग लेकर मिट्टी के गमलों पर स्वच्छ भारत, हरित पर्यावरण और जल संरक्षण जैसे विषयों पर आकर्षक चित्र उकेरे। वहीं इको प्लेज वॉल (Eco Pledge Wall) प्रदर्शनी का विशेष आकर्षण रही, जहां प्रतिभागियों ने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दर्ज की।’माय वेस्ट माय वंडर’ प्रतियोगिता में 49 प्रतिभागियों ने अनुपयोगी वस्तुओं से उपयोगी एवं आकर्षक मॉडल तैयार कर पुनर्चक्रण (रीसाइक्लिंग) का प्रभावी संदेश दिया।
रंगोली प्रतियोगिता में भी प्रतिभागियों ने स्वच्छता, संस्कृति और भारतीय कला का सुंदर समन्वय प्रस्तुत किया।बरौनी रिफाइनरी का यह आयोजन स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के बीच रचनात्मकता, सहभागिता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को भी सुदृढ़ करने में सफल रहा।






Total views : 94534