बेगूसराय, 24 अप्रैल 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बिहार सरकार के निर्देश पर जिला प्रशासन, बेगूसराय द्वारा शुक्रवार को पंचायत स्तर पर संचालित विभिन्न विभागीय योजनाओं का औचक निरीक्षण किया गया। यह कार्रवाई योजनाओं के प्रभावी और पारदर्शी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई।
तेघड़ा अनुमंडल में अधिकारियों की तैनाती: जिला पदाधिकारी के आदेशानुसार तेघड़ा अनुमंडल अंतर्गत विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों में पदाधिकारियों को प्रतिनियुक्त कर स्थल निरीक्षण कराया गया। अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर योजनाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन किया।
इन योजनाओं पर रहा विशेष फोकस: निरीक्षण के दौरान आंगनवाड़ी केंद्रों की कार्यप्रणाली, ‘हर घर नल का जल’ योजना, पंचायत सरकार भवन, सोलर लाइट की स्थिति और पंचायत स्तर के विद्यालयों का विशेष रूप से मूल्यांकन किया गया।
आरटीपीएस, पंजीकरण और PDS की भी जांच: पंचायत सरकार भवनों में कर्मियों की उपस्थिति, आरटीपीएस सेवाएं, जन्म-मृत्यु पंजी का संधारण तथा जन वितरण प्रणाली (PDS) दुकानों की भी जांच की गई।
रिपोर्ट सौंपने का निर्देश: सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे निरीक्षण से संबंधित विस्तृत प्रतिवेदन निर्धारित प्रारूप में जल्द जिला कार्यालय को उपलब्ध कराएं। यह औचक निरीक्षण राज्य सरकार की कार्ययोजना के तहत योजनाओं के गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।






Total views : 82364