ज़ीरो माइल स्थित प्रतिमा पर अधिकारियों ने अर्पित किए पुष्प, साहित्यिक योगदान को किया याद
बेगूसराय, 24 अप्रैल 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की 52वीं पुण्यतिथि के अवसर पर इंडियन ऑयल की बरौनी रिफाइनरी द्वारा उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस मौके पर बेगूसराय के सिमरिया स्थित ज़ीरो माइल पर दिनकर जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कार्यकारी निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख सत्य प्रकाश, जिला विकास आयुक्त आकाश चौधरी, मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन) भास्कर हजरिका सहित अन्य अधिकारियों ने श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इसके साथ ही रिफाइनरी के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी बड़ी संख्या में शामिल हुए।

राष्ट्रकवि दिनकर भारतीय साहित्य के उन महान स्तंभों में गिने जाते हैं, जिन्होंने अपनी रचनाओं के माध्यम से राष्ट्रप्रेम, साहस और सामाजिक चेतना का संदेश दिया। उनकी प्रमुख कृतियों में रश्मिरथी, कुरुक्षेत्र, उर्वशी और संस्कृति के चार अध्याय शामिल हैं, जो आज भी पाठकों को प्रेरित करती हैं। साहित्य के क्षेत्र में उनके अमूल्य योगदान के लिए उन्हें साहित्य अकादमी पुरस्कार, ज्ञानपीठ पुरस्कार तथा पद्मभूषण जैसे प्रतिष्ठित सम्मानों से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि दिनकर जी की विचारधारा आज भी समाज को सही दिशा दिखाने का कार्य कर रही है। अंत में सभी उपस्थित लोगों ने उनके आदर्शों को अपनाने और उनके साहित्य को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।







Total views : 82402