बेगूसराय। 24 सितंबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़।
सड़क सुरक्षा को लेकर किये गए समीक्षा में सामने आया कि जनवरी से अगस्त 2026 तक जिले में 297 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज हुईं। इनमें 258 लोगों की मौत हुई, जबकि 186 लोग घायल हुए। इसको लेकर डीएम ने दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुरक्षात्मक और सुधारात्मक कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने का निर्देश दिया।
कारगिल विजय सभा भवन में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक जिला पदाधिकारी रिची पांडेय की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, यातायात व्यवस्था सुधारने और सड़क सुरक्षा नियमों के प्रभावी पालन को लेकर कई बिंदुओं की समीक्षा की गई।
जिले में कुल 66 ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए गए हैं। इन स्थानों पर अल्पकालीन और दीर्घकालीन सुधार कार्य किए जाएंगे। पथ निर्माण विभाग की निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और जल्द काम शुरू होने की जानकारी दी गई।
1.10 करोड़ से अधिक शमन राशि वसूली: यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ कार्रवाई की भी समीक्षा हुई। परिवहन विभाग ने अगस्त 2026 में जांच अभियान के दौरान 1,10,66,627 रुपये की शमन राशि वसूल की। वहीं पुलिस प्रशासन ने जुलाई 2026 में 60,95,000 रुपये जुर्माना वसूला।
एनएच-55 पर पन्हांस चौक से रजौड़ा तक सर्विस लेन को अतिक्रमणमुक्त कराने का निर्देश दिया गया। एनएच-31 पर कपसिया चौक से सुभाष चौक तक जलजमाव के स्थायी समाधान तथा बीहट-सिमरिया के बीच निर्माणाधीन रेल ओवरब्रिज के कारण यातायात जाम के समाधान के लिए भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
44 अस्पताल PM RAHAT से जुड़े: सड़क हादसों में घायलों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने वाली PM RAHAT योजना 2025 की भी समीक्षा हुई। योजना के तहत 1.50 लाख रुपये तक के कैशलेस उपचार का प्रावधान है। जिले के 44 अस्पताल इससे जुड़े हैं और अब तक चार घायलों का निःशुल्क उपचार कराया गया है।
बैठक में जिले में 12 स्थानों पर EV चार्जिंग स्टेशन के लिए स्थल चिन्हित किए जाने तथा ITMS के तहत 19 प्रमुख स्थलों का सर्वेक्षण कर रिपोर्ट पटना भेजे जाने की जानकारी दी गई।
बैठक के अंत में जिला पदाधिकारी रिची पांडेय ने परिवहन विभाग, पुलिस, NHAI, नगर निगम एवं पथ निर्माण विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने दुर्घटना संभावित स्थलों पर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई, यातायात नियमों के प्रभावी अनुपालन, अतिक्रमण एवं जाम की समस्या के समाधान तथा आमजन में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर विशेष ध्यान देने को कहा, ताकि जिले में सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सके।
बैठक में पुलिस अधीक्षक मनीष, सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार, नगर आयुक्त सोमेश बहादुर माथुर, जिला परिवहन पदाधिकारी बेबी कुमारी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।






Total views : 107795