मादक पदार्थों की तस्करी रोकने, नशा मुक्ति अभियान तेज करने और लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन पर जोर
बेगूसराय, 13 जुलाई 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में सोमवार को जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री (भा.प्र.से.) की अध्यक्षता में एनसीओआरडी (National Committee on Narcotics Coordination) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक मनीष, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में जिले में मादक पदार्थों की रोकथाम, तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई, नशा मुक्ति अभियान और जन-जागरूकता कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई।
मई में छह मामले दर्ज, आठ तस्कर गिरफ्तार: बैठक में प्रभारी डीसीबी शाखा ने बताया कि मई 2026 के दौरान जिले के विभिन्न थानों में मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े छह मामले दर्ज किए गए। इस दौरान 70 ग्राम गांजा, 149.79 ग्राम स्मैक, 239 लीटर प्रतिबंधित कफ सिरप तथा बड़ी मात्रा में नशीले इंजेक्शन (Pentazocine/Tazwon) बरामद किए गए। कार्रवाई के दौरान आठ अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया। जिला पदाधिकारी ने मादक पदार्थों से जुड़े 93 लंबित मामलों का शीघ्र अनुसंधान पूरा करने तथा स्पीडी ट्रायल के माध्यम से त्वरित न्याय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
पश्चिम बंगाल से जुड़े नेटवर्क पर होगी कड़ी कार्रवाई: समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि सूखे नशे की आपूर्ति में मालदा एवं पश्चिम बंगाल से जुड़े अपराधियों की संलिप्तता सामने आई है। इस पर जिला पदाधिकारी ने एनसीबी, पटना को पश्चिम बंगाल की संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर सूचना साझा करने तथा अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
ड्रोन से होगी निगरानी, अवैध खेती पर रहेगी नजर: बैठक में जानकारी दी गई कि फिलहाल जिले में अवैध गांजा या अफीम की खेती की कोई सूचना नहीं है। इसके बावजूद उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग को ड्रोन कैमरों के माध्यम से नियमित निगरानी रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
103 दवा दुकानों की जांच, आठ के लाइसेंस निलंबन की प्रक्रिया: ड्रग इंस्पेक्टर ने बताया कि मई माह में जिले के 103 औषधि प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इनमें 19 प्रतिष्ठानों की रिपोर्ट प्रतिकूल पाई गई, जबकि आठ दुकानों के लाइसेंस निलंबन की प्रक्रिया चल रही है। जिला पदाधिकारी ने रेलवे स्टेशन, गुमटियों और आसपास के क्षेत्रों में नियमित संयुक्त छापेमारी अभियान चलाने के निर्देश भी दिए।
सदर अस्पताल में नशा मुक्ति मरीजों के लिए विशेष वार्ड: सिविल सर्जन ने बैठक में बताया कि सदर अस्पताल में नशा मुक्ति के मरीजों के लिए चार बेड का विशेष वार्ड आरक्षित किया गया है, जहां आवश्यक चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
सीसीटीएनएस में अपराधियों का डेटाबेस होगा अपडेट: बैठक में पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) को मादक पदार्थों के कारोबार से जुड़े अपराधियों का अद्यतन डेटाबेस तैयार कर सीसीटीएनएस में प्रविष्टि सुनिश्चित करने तथा आवश्यकतानुसार इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) से समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही सभी अनुमंडलों के लिए आधुनिक ड्रग डिटेक्शन उपकरण उपलब्ध कराने हेतु पुलिस मुख्यालय को प्रस्ताव भेजने की जानकारी भी दी गई।डीएम बोले— नशे के खिलाफ अभियान में किसी भी तरह की ढिलाई नहीं होगीबैठक के अंत में जिला पदाधिकारी श्री श्रीकांत शास्त्री ने स्पष्ट कहा कि मादक पदार्थों के विरुद्ध अभियान में किसी भी स्तर पर शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को अगली समीक्षा बैठक से पहले अद्यतन प्रगति प्रतिवेदन उपलब्ध कराने तथा समन्वित कार्रवाई के माध्यम से बेगूसराय को नशामुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी प्रयास जारी रखने के निर्देश दिए।






Total views : 94534