बेगूसराय। 16 अगस्त 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय जिले के विद्युत उपभोक्ताओं को गलत या त्रुटिपूर्ण बिजली बिल की समस्या से राहत दिलाने के लिए 17 से 22 अगस्त 2026 तक विशेष विद्युत विपत्र सुधार शिविर आयोजित किए जाएंगे। जिले के संबंधित विद्युत आपूर्ति प्रमंडलों एवं अवर प्रमंडल कार्यालयों में लगने वाले इन शिविरों में उपभोक्ताओं की शिकायतों का नियमानुसार समाधान किया जाएगा।
मीटर रीडिंग और गलत बिल की शिकायतों का होगा निपटारा
विशेष शिविर में मीटर रीडिंग में गड़बड़ी, गलत अथवा औसत बिलिंग, बकाया राशि में विसंगति समेत बिजली बिल से जुड़ी अन्य त्रुटियों की प्राथमिकता के आधार पर जांच की जाएगी। संभव होने पर शिकायतों का ऑन-द-स्पॉट समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
जिन मामलों का तत्काल निपटारा संभव नहीं होगा, उन्हें संबंधित पदाधिकारी को सौंपकर निर्धारित समय-सीमा में निष्पादित किया जाएगा। साथ ही उपभोक्ता को शिकायत पर की गई कार्रवाई की अद्यतन जानकारी भी दी जाएगी।
शिकायतों की होगी नियमित निगरानी
शिविरों में प्राप्त सभी शिकायतों और आवेदनों का रिकॉर्ड संधारित किया जाएगा। वरीय पदाधिकारियों द्वारा इनके निष्पादन की नियमित समीक्षा एवं अनुश्रवण किया जाएगा, ताकि उपभोक्ताओं की समस्याओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान हो सके।
जिला प्रशासन ने जिले के सभी विद्युत उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपने नजदीकी विद्युत आपूर्ति प्रमंडल अथवा अवर प्रमंडल कार्यालय में पहुंचकर बिजली बिल से संबंधित त्रुटियों का सुधार कराएं और इस विशेष शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।





Total views : 100192





















