बेगूसराय। 16 अगस्त 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
कारगिल विजय सभा भवन, बेगूसराय में सहकारिता विभाग के मंत्री सह बेगूसराय के प्रभारी मंत्री राम कृपाल यादव की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री, पुलिस अधीक्षक मनीष, तेघड़ा विधायक रजनीश कुमार, महापौर पिंकी देवी, उप विकास आयुक्त आकाश चौधरी सहित जिले के वरीय प्रशासनिक एवं तकनीकी पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के साथ संभावित बाढ़-2026 की तैयारियों की विभागवार समीक्षा की गई।
बाढ़ से निपटने के लिए 267 नावों की व्यवस्था: बैठक में गंगा नदी से प्रभावित जिले के 8 प्रखंडों के 37 ग्राम पंचायतों एवं 2 नगर निकायों तथा बूढ़ी गंडक नदी से प्रभावित क्षेत्रों में बाढ़ पूर्व तैयारियों की जानकारी ली गई। जिला प्रशासन ने बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए 21 सरकारी नाव, 239 निजी नावों के साथ एकरारनामा और 7 मोटरबोट समेत कुल 267 नावों की व्यवस्था सुनिश्चित की है।इसके अलावा जिले में 80 राहत शिविर, 228 सामुदायिक रसोई केंद्र, 26 ड्राई राशन पैकेट स्थल और 18 हेलीपैड चिन्हित किए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से 62 चिकित्सा दल तथा 122 प्रकार की जीवनरक्षक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। पशुपालन विभाग ने 52 पशु कैंप, 44 प्रकार की दवाओं और 2,500 क्विंटल पशुचारे की व्यवस्था की है।
6 लाख से अधिक राशन कार्डधारियों की समीक्षा: सहकारिता एवं खाद्यान्न आपूर्ति की समीक्षा के दौरान जिले के 6,06,106 राशन कार्डधारियों के खाद्यान्न वितरण एवं ई-केवाईसी की स्थिति की जानकारी ली गई। ई-केवाईसी 87.12 प्रतिशत तथा आधार सीडिंग 99.47 प्रतिशत दर्ज की गई। शेष लाभुकों का ई-केवाईसी जल्द पूरा कराने का निर्देश दिया गया।68 हजार हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में खरीफ फसलकृषि विभाग की समीक्षा में बताया गया कि खरीफ 2026-27 में निर्धारित 74,504.1 हेक्टेयर लक्ष्य के विरुद्ध 68,292.1 हेक्टेयर क्षेत्र में फसल आच्छादन पूरा हो चुका है। मक्का का आच्छादन 99.52 प्रतिशत और धान रोपनी 72.76 प्रतिशत रही। वहीं वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में 12,391 किसानों को 79.93 करोड़ रुपये का किसान क्रेडिट कार्ड ऋण वितरित किया गया है।
जीविका के 4.59 लाख से अधिक लाभुकों को मिली पहली किस्त: जीविका की समीक्षा में बताया गया कि जिले में 38,553 स्वयं सहायता समूह और 2,156 ग्राम संगठन गठित हैं। इन्हें 2,682 करोड़ रुपये का बैंक क्रेडिट लिंकेज उपलब्ध कराया गया है। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत प्राप्त 4,83,715 आवेदनों में से 4,74,609 आवेदन स्वीकृत किए जा चुके हैं तथा 4.59 लाख से अधिक लाभुकों को प्रथम किस्त की राशि डीबीटी के माध्यम से उपलब्ध कराई गई है।
सड़क, पुल, भवन और नल-जल योजनाओं में तेजी के निर्देश: ग्रामीण कार्य विभाग, पथ निर्माण विभाग एवं भवन प्रमंडल की योजनाओं की समीक्षा करते हुए निर्माणाधीन सड़कों, पुलों और भवनों के कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया गया। दलसिंहसराय-मल्टी रोड, तेघड़ा-मुबारकपुर रोड, बखरी बाईपास और बेगूसराय बाईपास सहित प्रमुख आधारभूत संरचना परियोजनाओं की भी समीक्षा हुई।
नल-जल योजना की समीक्षा के दौरान छूटे हुए टोलों में हर घर नल का जल पहुंचाने के कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया गया। नगर निकायों में अमृत योजना-2, स्वच्छ भारत मिशन, कचरा प्रबंधन, एमआरएफ/कंपोस्ट प्लांट, शौचालय निर्माण और एलईडी स्ट्रीट लाइट के संधारण की भी समीक्षा की गई।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में 24 घंटे निगरानी के निर्देश: बैठक के बाद प्रभारी मंत्री राम कृपाल यादव ने अधिकारियों को विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं में गुणवत्ता और समय-सीमा से समझौता नहीं करने का निर्देश दिया। उन्होंने बाढ़ एवं जलजमाव वाले संवेदनशील क्षेत्रों में 24×7 निगरानी रखने तथा राहत एवं बचाव की सभी व्यवस्थाओं को सक्रिय रखने को कहा।
उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ पूरी तत्परता से कार्य करने और सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाने का निर्देश दिया।





Total views : 100190





















