जरूरतमंद एवं वंचित परिवारों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना अभियान का मुख्य उद्देश्य : करुणानिधि प्रसाद आर्य
बेगूसराय, 20 नवंबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय जिले में राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) के निर्देश पर 60 दिवसीय मेगा अवेयरनेस ड्राइव की शुरुआत की गई। शुक्रवार को मटिहानी प्रखंड की रामदीरी पंचायत-04 स्थित रचियाही टोला के पंचायत भवन में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन जिला विधिक सेवा प्राधिकार, बेगूसराय के सचिव-सह-अवर न्यायाधीश करुणानिधि प्रसाद आर्य ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अभियान के तहत अगले 60 दिनों तक जिला विधिक सेवा प्राधिकार की टीमें जिले के चिह्नित गांवों एवं क्षेत्रों में घर-घर जाकर लोगों को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की विभिन्न योजनाओं तथा केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देंगी।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान टीम के सदस्य ग्रामीणों से सीधा संवाद करेंगे और यह जानकारी प्राप्त करेंगे कि उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है या नहीं। साथ ही, ऐसे पात्र लाभार्थियों की भी पहचान की जाएगी, जो किसी कारणवश सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित रह गए हैं।
श्री आर्य ने कहा कि अभियान के दौरान ग्रामीणों से प्राप्त आवेदनों एवं उनकी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इसका मुख्य उद्देश्य समाज के जरूरतमंद, गरीब एवं वंचित वर्गों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना और उन्हें उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना है।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना, आयुष्मान भारत योजना, वृद्धावस्था पेंशन सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में लोगों को विस्तृत जानकारी दी जाएगी, ताकि पात्र व्यक्ति योजनाओं का लाभ उठाने से वंचित न रहें। कार्यक्रम में रचियाही टोला के सरपंच प्रतिनिधि एवं मुखिया ने भी संयुक्त रूप से सहभागिता निभाई। मौके पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार की टीम के सदस्य मुरारी कुमार, अनमोल कुमार, राम विनोद कुमार एवं आलोक कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
60 दिनों तक चलने वाला यह अभियान ग्रामीण क्षेत्रों में कानूनी जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।






Total views : 118056