नशामुक्त बिहार अभियान को मिलेगी मजबूती, अवैध शराब के निर्माण और बिक्री की सूचना देने वाले की पहचान रहेगी गोपनीय
19 नवंबर 2026 स्थान: बेगूसराय, नेशनल पॉजिटिव न्यूज़।
बिहार में नशामुक्ति अभियान को और प्रभावी बनाने तथा अवैध शराब के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए उत्पाद विभाग ने एक नई पहल की है। विभाग की ओर से चैटबॉट की सुविधा शुरू की गई है, जिसके माध्यम से अब आम नागरिक क्यूआर कोड (QR Code) स्कैन कर मद्यनिषेध से संबंधित सूचना और शिकायत सीधे दर्ज करा सकेंगे। इस चैटबॉट की सबसे खास बात यह है कि शिकायतकर्ता अपनी पहचान गोपनीय रखते हुए अवैध शराब के कारोबार की जानकारी दे सकते हैं। इसके जरिए अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और कारोबार से जुड़ी सूचनाएं विभाग तक पहुंचाई जा सकेंगी।इसके अलावा चैटबॉट के माध्यम से नागरिकों को मद्यनिषेध से संबंधित जागरूकता सामग्री, आवश्यक परामर्श एवं सहायता तथा नशामुक्ति केंद्रों की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी। इससे आम लोगों को न केवल शिकायत दर्ज कराने में सुविधा होगी, बल्कि नशे के दुष्परिणामों और नशामुक्ति से जुड़ी जानकारियां भी आसानी से मिल सकेंगी। उत्पाद विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उन्हें कहीं भी अवैध शराब के निर्माण, बिक्री या कारोबार की जानकारी मिलती है, तो वे इस चैटबॉट के माध्यम से गोपनीय रूप से सूचना एवं शिकायत दर्ज कराएं। विभाग का मानना है कि आम लोगों की सक्रिय भागीदारी से अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण लगाने और नशामुक्त बिहार के संकल्प को साकार करने में मदद मिलेगी।






Total views : 117714