लोकलुभावन और सनसनीखेज खबरों के बजाय निष्पक्ष एवं विश्वसनीय पत्रकारिता पर दिया गया जोर, प्रशासन और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय पर हुई चर्चा
बेगूसराय, 18 नवंबर 2026 नेशनल पॉजिटिव न्यूज
राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर बुधवार को जिला सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय के तत्वावधान में समाहरणालय स्थित कारगिल विजय सभा भवन में परिचर्चा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष परिचर्चा का मुख्य विषय “Journalism: Populist or Responsible” (लोकलुभावन या जिम्मेदार पत्रकारिता) रखा गया था।कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पदाधिकारी रिची पांडेय, पुलिस अधीक्षक मनीष, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी नेहा कुमारी तथा उपस्थित प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
परिचर्चा को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी रिची पांडेय ने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में प्रेस की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। वर्तमान समय में लोकलुभावन और सनसनीखेज खबरों की अपेक्षा तथ्यपरक, निष्पक्ष एवं जिम्मेदार पत्रकारिता की अधिक आवश्यकता है। जिम्मेदार पत्रकारिता समाज को सही दिशा देने के साथ-साथ प्रशासन और आम जनता के बीच विश्वास एवं बेहतर संवाद स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों से अपील की कि किसी भी खबर को प्रकाशित या प्रसारित करने से पहले उसके सभी पहलुओं की समुचित जांच अवश्य करें। साथ ही खबर में संबंधित पक्षों का पक्ष भी शामिल किया जाए, ताकि आम जनता तक सही, संतुलित और विश्वसनीय जानकारी पहुंच सके। कार्यक्रम के दौरान जिला जनसंपर्क पदाधिकारी नेहा कुमारी सहित उपस्थित मीडिया प्रतिनिधियों ने भी पत्रकारिता की वर्तमान भूमिका, चुनौतियों और सामाजिक जिम्मेदारियों पर अपने विचार साझा किए। पत्रकारों ने जनहित से जुड़े मुद्दों को सटीक, निष्पक्ष और सकारात्मक तरीके से सामने लाने की आवश्यकता पर बल दिया।
इसके साथ ही प्रशासन और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय एवं संवाद बनाए रखने पर भी चर्चा हुई। कार्यक्रम के अंत में जिला जनसंपर्क पदाधिकारी नेहा कुमारी ने जिला पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक तथा उपस्थित सभी प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया।







Total views : 117326