टीम साईं की रसोई एवं श्री मंदिर की संयुक्त पहल, जरूरतमंद महिलाओं को सम्मान के साथ भेंट की गई छठ पूजन सामग्री
14 नवंबर 2026 | बेगूसराय नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर सेवा, सहयोग और सामाजिक समरसता की भावना के साथ टीम साईं की रसोई एवं श्री मंदिर की ओर से 101 जरूरतमंद छठव्रती महिलाओं के बीच सूप, साड़ी सहित संपूर्ण छठ पूजन सामग्री का वितरण किया गया। इस पहल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की छठव्रती महिलाओं को पर्व की खुशियों में सहभागी बनाना और उनके व्रत को श्रद्धा एवं सम्मान के साथ संपन्न कराने में सहयोग करना था। कार्यक्रम के संयोजक खाद्य मंत्री पंकज कुमार, वैभव अग्रवाल, नितेश रंजन एवं अमित जायसवाल ने कहा कि छठ महापर्व केवल आस्था का पर्व नहीं, बल्कि त्याग, समर्पण, पवित्रता और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रयास है कि आर्थिक अभाव के कारण किसी भी छठव्रती महिला की आस्था और पर्व की खुशियों में कमी न आए। समाज के सामूहिक सहयोग से जरूरतमंद परिवारों तक खुशियां पहुंचाना ही इस पहल की असली सार्थकता है।
वहीं टीम के सदस्य राघव सिंह, प्रवीण कुमार, कुंदन गुप्ता एवं ज्ञान सिंह ने कहा कि सेवा का वास्तविक अर्थ जरूरतमंद लोगों के सुख-दुख में उनके साथ खड़े होने में है। छठ जैसे पवित्र पर्व पर माताओं और बहनों के बीच पूजन सामग्री का वितरण करना सभी के लिए सौभाग्य और आत्मिक संतुष्टि का विषय है।
इस अवसर पर सरिता सुल्तानिया, सुधा अग्रवाल एवं जगदम्बा कुमारी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि छठव्रती महिलाओं के बीच पूजन सामग्री का वितरण उन्हें पर्व की तैयारियों में सहयोग देने के साथ-साथ समाज के अपनत्व का एहसास भी कराता है।
वहीं श्री मंदिर के अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि श्री मंदिर और टीम साईं की रसोई का यह संयुक्त प्रयास सामाजिक सहयोग एवं सेवा भावना का सुंदर उदाहरण है। भविष्य में भी इस तरह के जनकल्याणकारी कार्यों को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।कार्यक्रम के दौरान छठव्रती महिलाओं ने इस पहल के लिए टीम साईं की रसोई एवं श्री मंदिर के प्रति आभार व्यक्त किया। महिलाओं ने कहा कि छठ जैसे पवित्र पर्व पर सूप, साड़ी एवं पूजन सामग्री मिलने से उनकी तैयारियों में काफी मदद मिली है। यह सहयोग उनके लिए केवल पूजन सामग्री नहीं, बल्कि सम्मान, अपनापन और खुशियों का उपहार है।
मौके पर रसोई टीम के सदस्य अभिषेक, अंकित, सुमित, संतोष सोनी, प्रभाकर प्रताप सिंह, आहान गुप्ता, शुभ राज, सौम्या, विराट गुप्ता, विक्की भाटिया, अनुष्का वैष्णवी, आदिश अग्रवाल, अक्षय अग्रवाल, खुशबू अग्रवाल, प्रतिभा अग्रवाल, समीक्षा अग्रवाल, शुभम अग्रवाल, प्रशांत सहित अन्य सदस्य एवं सहयोगी उपस्थित थे।
नेशनल पॉजिटिव न्यूज़ – सकारात्मक खबरें, समाज की आवाज।






Total views : 116683