26 नवंबर तक चरणबद्ध तरीके से चलेगा जागरूकता अभियान, विद्यार्थियों को दिलाई गई नशामुक्त जीवन जीने की शपथ
बेगूसराय, 18 नवंबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़।
बिहार को नशामुक्त बनाने के संकल्प के साथ प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की ओर से बुधवार को बेगूसराय प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों में नशामुक्ति जन-जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान के तहत विद्यार्थियों को शराब, तंबाकू, गुटखा, गांजा सहित अन्य नशीले पदार्थों के दुष्परिणामों की जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार और समाज को भी नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ दिलाई गई।
इस अभियान को जिलेभर में व्यापक स्तर पर संचालित करने की तैयारी है। ब्रह्माकुमारीज़ की कई प्रशिक्षित टीमें मिलकर बेगूसराय जिले के विभिन्न प्रखंडों के विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करेंगी। आगामी 26 नवंबर तक चरणबद्ध तरीके से जिले के विद्यालयों में यह अभियान चलाया जाएगा। कार्यक्रम में संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापक एवं शिक्षक भी सक्रिय रूप से शामिल हो रहे हैं।
यह अभियान बिहार सरकार के मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग तथा प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के बीच हुए समझौता ज्ञापन (MoU) के तहत पूरे बिहार में संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग द्वारा जारी निर्देशों के आलोक में बेगूसराय के विद्यालयों में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
अभियान के अंतर्गत 17 से 25 नवंबर तक निर्धारित युवा जोश कार्यक्रम के तहत माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों में विशेष जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। जिला शिक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार एवं जिला कार्यक्रम पदाधिकारी कुमार अनुभव के मार्गदर्शन और सहयोग से इस अभियान को विद्यालय स्तर तक पहुंचाया जा रहा है।
विद्यालयों में इन दिनों प्री-बोर्ड परीक्षाएं भी संचालित हो रही हैं। ऐसे में विद्यार्थियों की पढ़ाई और परीक्षा प्रभावित न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है। विद्यालय प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर परीक्षा से पहले, परीक्षा के बाद अथवा उपलब्ध समय में संक्षिप्त जागरूकता सत्र आयोजित किए जा रहे हैं।
ब्रह्माकुमारीज़ की प्रशिक्षित टीमें विद्यार्थियों को नशे के शारीरिक, मानसिक, पारिवारिक एवं सामाजिक दुष्परिणामों से अवगत करा रही हैं। इसके साथ ही राजयोग मेडिटेशन, सकारात्मक चिंतन, आत्म-अनुशासन और अच्छे संस्कारों के माध्यम से नशे से दूर रहने की प्रेरणा दी जा रही है।
अभियान का उद्देश्य केवल युवाओं को नशे के नुकसान से परिचित कराना नहीं, बल्कि उनमें स्वस्थ जीवनशैली, नैतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है। विद्यार्थियों को प्रेरित किया जा रहा है कि वे स्वयं नशामुक्त रहें और अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें।
ब्रह्माकुमारीज़ बेगूसराय की ओर से जिले के सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों, शिक्षकों एवं विद्यालय प्रबंधन से इस जनहितकारी अभियान में सहयोग करने की अपील की गई है। संस्था का मानना है कि सरकार, शिक्षण संस्थानों और सामाजिक संगठनों के सामूहिक प्रयास से ही नशामुक्त समाज का निर्माण संभव है।






Total views : 117421