बेगूसराय। 2 अक्टूबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर शुक्रवार को बेगूसराय जिले में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर दोनों महान विभूतियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। स्वर्ण जयंती पुस्तकालय में जिला पदाधिकारी रिची पांडेय और पुलिस अधीक्षक मनीष सहित वरीय पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी।
गांधी चौक पर भी अर्पित की श्रद्धांजलि: गांधी चौक स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर भी डीएम रिची पांडेय और एसपी मनीष ने माल्यार्पण किया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सद्भावना के संदेश तथा लाल बहादुर शास्त्री के सादगी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को स्मरण किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में गूंजे गांधी के विचार: स्वर्ण जयंती पुस्तकालय में आयोजित कार्यक्रम में महात्मा गांधी के जीवन और विचारों पर आधारित गीतों की प्रस्तुति हुई। कार्यक्रम के माध्यम से सत्य, अहिंसा और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। उपस्थित लोगों ने दोनों महान विभूतियों के आदर्शों को जीवन में अपनाने और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को स्मरण करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में बेगूसराय नगर निगम की महापौर पिंकी देवी, उप महापौर अनिता राय, नगर आयुक्त सोमेश बहादुर माथुर, अपर समाहर्ता बृज किशोर चौधरी सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।






Total views : 109565