बेगूसराय। 2 अक्टूबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर बुधवार को कांग्रेस भवन, बेगूसराय में विचार गोष्ठी और पुस्तक विमोचन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान ‘राष्ट्रपिता महात्मा गांधी : कल, आज और कल’ पुस्तक का विमोचन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. रामरेखा सिंह ने की, जबकि संचालन वरिष्ठ कांग्रेस नेता रामविलास सिंह ने किया।
गांधी और शास्त्री के विचारों पर हुई चर्चा: कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के तैल चित्र पर माल्यार्पण से हुई। मुख्य अतिथि प्रोफेसर अरुण कुमार सिंह ने गांधी के विचारों और देश की वर्तमान परिस्थितियों पर अपनी बात रखी। उन्होंने विश्वविद्यालयों में आरएसएस के विचारों के प्रभाव को लेकर चिंता व्यक्त की और इसे लेकर अपना राजनीतिक मत रखा।
डॉ. रामरेखा सिंह ने कहा कि कांग्रेस के पास गांधी के विचारों की बड़ी विरासत है और कार्यकर्ताओं को उनके विचारों को गांवों तक पहुंचाना चाहिए। इतिहासकार डॉ. भगवान प्रसाद सिंह ने गांधी की अहिंसा और शांति तथा शास्त्री की सादगी को महत्वपूर्ण बताया।
पत्रकार महेश भारती और स्मित पराग ने पुस्तक विमोचन कार्यक्रम को लेकर अपने विचार रखे। कांग्रेस नेता अभय कुमार सार्जन ने भी पार्टी और मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों को लेकर अपनी बात रखी।
कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की रही मौजूदगी: जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिव प्रकाश गरीबदास और वरिष्ठ नेता सुबोध कुमार ने अतिथियों का स्वागत किया। दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से पार्टी के अधिकृत उम्मीदवार रजनीकांत पाठक ने उम्मीदवार बनाए जाने को लेकर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के प्रति आभार जताया।
कार्यक्रम में प्रोफेसर अरुण कुमार, अभय कुमार सिंह सार्जन, शिव प्रकाश गरीबदास, डॉ. भगवान प्रसाद सिंह, पत्रकार महेश भारती, स्मित पराग, लेखक पुष्कर प्रसाद सिंह, डॉ. खुशबू कुमारी सहित कई नेता और बुद्धिजीवी मौजूद रहे।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता बैद्यनाथ प्रसाद सिंह, मिथिलेश झा, मुरलीधर मुरारी, बद्री सिंह, नारायण सिंह, उदय सिंह, रंजीत कुमार मुखिया सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता एवं बुद्धिजीवी वर्ग के लोग भी कार्यक्रम में शामिल हुए।






Total views : 109555