बेगूसराय। 16 अगस्त 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय के दिनकर कला भवन में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन की ओर से भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देशभक्ति, लोक संस्कृति और भारतीय कला की विविध प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं संस्थानों की 16 टीमों ने इसमें भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ उप महापौर अनीता राय, उप विकास आयुक्त आकाश चौधरी, अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी महेश्वर प्रसाद सिंह, नगर आयुक्त सोमेश बहादुर माथुर, जिला पंचायत राज पदाधिकारी पूजा प्रीतम, सामान्य शाखा की प्रभारी पूजा कुमारी, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी श्याम कुमार सहनी तथा जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, सर्व शिक्षा अभियान कुमार अनुभव सहित अन्य पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

देशभक्ति और लोक संस्कृति की दिखी झलक
सांस्कृतिक कार्यक्रम में आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र की ओर से ‘जग में जहाँ पहले उगे किरिनिया’ गीत एवं शास्त्रीय नृत्य पर आधारित समूह नृत्य प्रस्तुत किया गया। वहीं बीआरडीएवी कक्षा-2 की छात्रा राधिका रानी ने ‘झांसी की रानी’ काव्य और कथक नृत्य के संयोजन से प्रभावशाली प्रस्तुति दी।
आस्था गुरुकुल, पकठौल के विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता सेनानियों एवं भारतीय सेना के जवानों को समर्पित परेड शैली में नृत्य प्रस्तुत किया। एचएफसी ने उत्तराखंड के लोक संगीत, डीएवी इटवा ने ‘इस धरा के लिए’ गीत तथा एमआरजेडी कॉलेज एवं बीपी स्कूल ने राजस्थानी लोक नृत्य की प्रस्तुति दी।
कस्तूरबा विद्यालय की छात्राओं ने ‘गुंजन सक्सेना’ पर आधारित नृत्य-नाटिका प्रस्तुत की। मध्य विद्यालय चिलमिल के बच्चों ने ‘माय गे हम नै बकरी चरयबो’ नृत्य-नाटिका, जबकि कैलाशपुर मध्य विद्यालय के विद्यार्थियों ने ‘मेरे देश की धरती सोना उगले, उगले हीरे मोती’ की प्रस्तुति दी। मिथिलांचल संगीत महाविद्यालय, बीहट के कलाकारों ने ‘सबसे ऊंची विजय पताका’ गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम में देशभक्ति का रंग भर दिया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, देशभक्ति और सांस्कृतिक विविधता की सुंदर झलक देखने को मिली। कलाकारों की प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।कार्यक्रम का मंच संचालन रामसुंदर गांधी, डॉ. प्रभा कुमारी, मुकुल कुमार एवं पूजा भारती ने संयुक्त रूप से किया। समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र एवं स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।






Total views : 100193





















