बेगूसराय। 21 अगस्त। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय में विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। इसके तहत शुक्रवार को कारगिल विजय सभा भवन में जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित हुआ। प्रशिक्षण की अध्यक्षता प्रभारी जिला पदाधिकारी सह उप विकास आयुक्त आकाश चौधरी ने की।
यह पहल राज्य सरकार के ‘सात निश्चय-3’ कार्यक्रम के तहत शुरू की जा रही है। इसका लक्ष्य विद्यार्थियों को बेहतर सुविधा देना और शिक्षा व्यवस्था में सुधार करना है।
स्कूल और कॉलेज के अधिकारियों को दिया प्रशिक्षण
प्रशिक्षण में जिले के चिह्नित स्कूलों और कॉलेजों के प्राचार्य शामिल हुए।
नोडल पदाधिकारियों को भी प्रशिक्षण दिया गया। उन्हें विद्यार्थी सहयोग शिविर पोर्टल के बारे में जानकारी दी गई। इसमें संस्थान का पंजीकरण और विद्यार्थियों का पंजीकरण करना सिखाया गया। विद्यार्थियों की शिकायत और सुझाव पोर्टल पर दर्ज करने की प्रक्रिया भी बताई गई। इसके बाद आवेदन को संबंधित विभाग और अधिकारी तक भेजने की प्रक्रिया समझाई गई।
ऑनलाइन होगी शिकायतों की निगरानी: प्रशिक्षण के दौरान पोर्टल की तकनीकी जानकारी भी दी गई। अधिकारियों को शिकायत दर्ज करने और उसके निष्पादन की ऑनलाइन प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण मिला। सीएम फेलो मयंक लाल, जिला आईटी प्रबंधक अजीत कुमार, जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी मनीष कुमार मिश्रा और जिला समन्वयक विश्वजीत कुमार ने प्रशिक्षण दिया।
हर महीने लगेगा विद्यार्थी सहयोग शिविर: विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन हर महीने के चौथे मंगलवार को किया जाएगा। इसमें छात्र अपनी शैक्षणिक और आधारभूत समस्याएं रख सकेंगे। इसके अलावा छात्रावास, संस्थान और अन्य समस्याओं पर भी सुनवाई होगी। विद्यार्थियों के सुझाव भी दर्ज किए जाएंगे।
30 दिनों में होगा शिकायतों का निस्तारण:शिविर में मिलने वाली शिकायतों को पोर्टल पर दर्ज किया जाएगा। इसके बाद उन्हें संबंधित विभाग और अधिकारी को भेजा जाएगा। प्रशासन ने शिकायतों का 30 दिनों के भीतर गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने की व्यवस्था की है। इसकी नियमित समीक्षा भी होगी।
जिला प्रशासन के अनुसार, इस पहल से विद्यार्थियों को अपनी समस्याएं सीधे संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने का प्रभावी मंच मिलेगा। साथ ही, छात्रों के सुझावों का उपयोग स्कूल और कॉलेज की सुविधाओं में सुधार के लिए किया जाएगा।





Total views : 101091





















