बेगूसराय, 22 अगस्त 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) के राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत बेगूसराय जिला इकाई ने केंद्र सरकार पर वर्ष 2021 के ऐतिहासिक किसान आंदोलन के दौरान किए गए वादों से कथित वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए विभिन्न जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन सौंपा। SKM ने चेतावनी दी कि यदि किसानों की मांगों पर सरकार ने पहल नहीं की तो 26 नवंबर से राष्ट्रव्यापी किसान आंदोलन फिर शुरू किया जाएगा।SKM नेताओं ने तेघड़ा विधायक रजनीश कुमार, बछवाड़ा विधायक सुरेंद्र मेहता, मटिहानी विधायक नरेंद्र कुमार सिंह उर्फ बोगो सिंह, चेरियाबरियारपुर विधायक अभिषेक आनंद तथा विधान पार्षद सर्वेश कुमार समेत अन्य जनप्रतिनिधियों से मिलकर ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल में किसान सभा के राज्य उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक राजेंद्र प्रसाद सिंह, पूर्व विधायक रामजतन सिंह, किसान कौंसिल के जिला सचिव दयानिधि चौधरी, बिहार राज्य किसान सभा के जिला परिषद सचिव दिनेश सिंह, किसान महासभा के जिला अध्यक्ष नवल किशोर सिंह एवं जिला सचिव बैजू सिंह शामिल थे।
SKM ने प्रस्तावित भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को वापस लेने, C2+50 प्रतिशत के आधार पर MSP की कानूनी गारंटी, चार श्रम कानूनों की वापसी, जबरन भूमि अधिग्रहण पर रोक, कृषि संकट का समाधान, किसानों एवं गरीबों को ऋणमुक्त करने, संघीय अधिकारों की रक्षा तथा कॉरपोरेट के हाथों सत्ता और संसाधनों के केंद्रीकरण पर रोक की मांग की।
इसके अलावा बाढ़-सुखाड़ की समुचित व्यवस्था, राहत कार्यों में भ्रष्टाचार पर रोक, ग्रामीण गृह कर एवं राजकीय पथकर की वापसी, जमाबंदी सुधार में कथित धांधली रोकने, वास-आवास एवं पुनर्वास तथा पर्चाधारियों की बेदखली पर रोक की मांग भी उठाई गई। खाद-बीज की किल्लत और कालाबाजारी पर रोक लगाने तथा किसान आईडी कार्ड की बाध्यता समाप्त करने की मांग की गई।
बेगूसराय SKM ने स्थानीय मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया। संगठन ने बछवाड़ा से साहेबपुर कमाल तक कटाव प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल निरोधक कार्य कराने और कटाव पीड़ितों के पुनर्वास, बिनटोली की 850 एकड़, कुसमहौत की 950 एकड़ उपजाऊ जमीन तथा मझौल-कावर क्षेत्र की जमीन की रजिस्ट्री एवं खरीद-बिक्री पर लगी रोक हटाने और जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की। SKM जिला इकाई ने कहा कि किसानों की मांगों पर सरकार की ओर से ठोस पहल नहीं होने की स्थिति में 26 नवंबर से आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा।






Total views : 101196





















