बेगूसराय। 07 अक्टूबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
आगामी दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर बेगूसराय जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को समाहरणालय स्थित कारगिल विजय सभा भवन में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक हुई।
जिला पदाधिकारी रिची पाण्डेय की अध्यक्षता में हुई बैठक में सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई, पार्किंग और विसर्जन व्यवस्था को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
पूजा समितियों के लिए लाइसेंस अनिवार्य: बैठक में पुलिस अधीक्षक मनीष ने स्पष्ट किया कि जिले में दुर्गा पूजा और मेला आयोजित करने वाली सभी पूजा समितियों को नियमानुसार पहले से लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा। बिना अनुमति किसी भी कार्यक्रम का आयोजन नहीं किया जाएगा।
बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर भीड़ को देखते हुए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। सभी सर्विस रोड को अतिक्रमण और अनावश्यक अवरोध से मुक्त कराया जाएगा, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
डीजे और अश्लील गानों पर रोक, विसर्जन घाटों पर रहेगी सुरक्षा: जिला पदाधिकारी ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान डीजे और अश्लील गानों पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा। पूजा पंडालों में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। मेला क्षेत्रों और सुनसान स्थानों पर विशेष पुलिस टीम लगातार गश्त करेगी।
विसर्जन घाटों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा के अन्य इंतजाम किए जाएंगे। जरूरत के अनुसार एसडीआरएफ की टीम की प्रतिनियुक्ति भी की जाएगी। शहर और विसर्जन मार्गों की विशेष साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने सभी पूजा समितियों को पर्याप्त संख्या में वॉलंटियर्स तैनात करने और उन्हें पहचान पत्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। साथ ही नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी संदिग्ध सूचना की तत्काल पुलिस या प्रशासन को जानकारी देने की अपील की गई है।
प्रशासन ने जिलेवासियों से आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ दुर्गा पूजा मनाने तथा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।






Total views : 110870