बेगूसराय, 15 मई 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय नगर थाना क्षेत्र में एक व्यवसायी से तीन लाख रुपये लेने के आरोप में नगर थाना के टाइगर मोबाइल के एक सिपाही को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी सिपाही के घर से तीन लाख रुपये नकद भी बरामद किए हैं। इस मामले में एक अन्य सिपाही की तलाश जारी है। पुलिस कार्यालय, बेगूसराय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 12 मई 2026 को नकली सिगरेट बनाने की फैक्ट्री की सूचना पर नगर थाना के दो टाइगर मोबाइल जवानों ने व्यवसायी शिवशक्ति कुमार की दुकान में छापेमारी कर नकली सिगरेट बरामद किया था। इस संबंध में नगर थाना कांड संख्या-217/26 दर्ज किया गया था। आरोप है कि छापेमारी के दौरान दोनों टाइगर मोबाइल के सिपाहियों ने व्यवसायी शिवशक्ति कुमार को पूरे परिवार को केस में फंसाने की धमकी देकर डराया और उससे तीन लाख रुपये ले लिए।
इस मामले में 14 मई 2026 को वादी पीयूष राज, पिता शिवशक्ति, निवासी भगवानपुर, थाना मुफस्सिल, जिला बेगूसराय द्वारा नगर थाना में आवेदन दिया गया। आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर वरीय अधिकारियों को सूचित किया गया। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर-1 के नेतृत्व में नगर थाना अध्यक्ष एवं अन्य पुलिस अधिकारियों की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नगर थाना के टाइगर मोबाइल के सिपाही-832 अमन कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान दूसरे टाइगर मोबाइल के सिपाही 316 अंकेश कुमार के सौर बाजार, सहरसा स्थित आवास से तीन लाख रुपये बरामद किए गए। हालांकि अंकेश कुमार फिलहाल फरार बताया जा रहा है। इस संबंध में नगर थाना कांड संख्या-220/26 दिनांक 14.05.26 के तहत धारा 318(4)/308(2) बीएनएसएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने गिरफ्तार सिपाही की पहचान अमन कुमार, निवासी सिंघारा, थाना महनार, जिला वैशाली के रूप में की है।





Total views : 101504











