बेगूसराय। 26 सितंबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर विश्वविद्यालय की कैबिनेट से स्वीकृति मिलने पर भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) की ओर से जीडी कॉलेज सहित जिले के विभिन्न महाविद्यालयों में जश्न मनाया गया। छात्र नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटकर, अबीर-गुलाल लगाकर और पटाखे छोड़कर खुशी जताई। NSUI ने विश्वविद्यालय की स्वीकृति को लंबे समय से चल रहे छात्र आंदोलन की सफलता बताया।
लंबे संघर्ष के बाद सपना हुआ साकार: छात्र नेता निशांत सिंह ने कहा कि दिनकर जी के नाम पर विश्वविद्यालय बनाने का सपना लंबे संघर्ष के बाद हकीकत में बदला है। उन्होंने आंदोलन से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का उल्लेख करते हुए बताया कि जीडी कॉलेज गेट पर सात दिवसीय भूख हड़ताल, नीतीश कुमार को काला झंडा दिखाने, पटना के कारगिल चौक पर धरना और दिनकर के गांव सिमरिया में आमरण अनशन जैसे कार्यक्रम किए गए।
उन्होंने बताया कि इसके अलावा पुतला दहन, हस्ताक्षर अभियान और जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन देने सहित दर्जनों कार्यक्रम आयोजित किए गए। SBSS कॉलेज में तत्कालीन मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी के कार्यक्रम के दौरान भी प्रदर्शन किया गया था।
निशांत सिंह ने बेगूसराय के सभी जनप्रतिनिधियों और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि बेगूसराय में दिनकर के नाम पर विश्वविद्यालय की मांग जिले के हर घर की मांग थी और यह शैक्षणिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
छात्र-युवाओं की सामूहिक जीत बताया: NSUI के राष्ट्रीय प्रवक्ता रवि कुमार ने कहा कि यह किसी एक संगठन या नेता की जीत नहीं, बल्कि बेगूसराय के छात्र-छात्राओं और युवाओं की सामूहिक जीत है। उन्होंने कहा कि छात्र संगठन के साथियों ने अपने व्यक्तिगत हितों से ऊपर उठकर छात्र-युवाओं के भविष्य के लिए लगातार संघर्ष किया।
रवि कुमार ने कहा कि सड़कों से लेकर संघर्ष के विभिन्न मोर्चों तक छात्र-युवाओं की आवाज उठाई गई और आज की सफलता निरंतर संघर्ष, मेहनत, एकजुटता और दृढ़ संकल्प का परिणाम है।
कार्यक्रम में सैकड़ों छात्रों ने हिस्सा लिया। इस दौरान छात्र नेता गोपाल चौधरी, अंकित कुमार, अमन माधव, प्रिंस कुमार, सचिन कुमार, मुरारी कुमार, ओम कुमार, रतन कुमार, राहुल कुमार, माधव सिंह, आजाद कुमार, शंभू जी, राजेश कुमार, मोहन कुमार सहित अन्य छात्र मौजूद रहे।







Total views : 108431