बेगूसराय। 26 सितंबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
गर्भधारण से पहले महिलाओं और दंपतियों के स्वास्थ्य की जांच, जोखिमों की पहचान और उचित परामर्श उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बेगूसराय में Pre-Pregnancy Care (PPC) कार्यक्रम शुरू किया गया है।
फिलहाल इसे बेगूसराय सदर और बछवाड़ा प्रखंड में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में संचालित किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य गर्भधारण से पहले ही जरूरी स्वास्थ्य सेवाओं से योग्य दंपतियों को जोड़ना और स्वस्थ गर्भावस्था की बेहतर तैयारी करना है।
दो दिवसीय प्रशिक्षण में स्वास्थ्यकर्मियों को दी गई जानकारी: कार्यक्रम के तहत 25 और 26 सितंबर को होटल केडीएम पैलेस, बेगूसराय में सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार की अध्यक्षता में दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें बेगूसराय सदर और बछवाड़ा के BHM, BCM, CHO और ANM को प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यक्रम का आयोजन स्वास्थ्य विभाग, बिहार के सहयोग से Jhpiego द्वारा किया गया। सिविल सर्जन ने कहा कि अब तक मुख्य रूप से गर्भावस्था के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं पर ध्यान दिया जाता रहा है, लेकिन गर्भधारण से पहले स्वास्थ्य जांच से संभावित जोखिमों की पहचान कर समय पर जरूरी सेवाएं और परामर्श उपलब्ध कराया जा सकेगा।
इससे हाई रिस्क प्रेग्नेंसी के मामलों को कम करने में मदद मिल सकती है। AIIMS पटना की डॉ. दीपिका अग्रवाल ने पोषण, एनीमिया, परिवार नियोजन, मानसिक स्वास्थ्य, गैर-संचारी रोगों की जांच और स्वस्थ गर्भावस्था की तैयारी से जुड़े पहलुओं की जानकारी दी।
15 से 49 वर्ष के योग्य दंपतियों पर फोकस: Jhpiego के वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी डॉ. आनंद दीक्षित ने बताया कि कार्यक्रम के तहत 15 से 49 वर्ष की आयु के योग्य दंपतियों की पहचान कर उन्हें गर्भधारण से पहले आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं और परामर्श से जोड़ा जा रहा है।
जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. गोपाल मिश्रा ने बताया कि समुदाय स्तर पर योग्य दंपतियों की पहचान में आशा कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। वे दंपतियों को स्वास्थ्य जांच, सेवाओं और उचित परामर्श से जोड़ने का काम करेंगी। विशेषज्ञों ने गर्भधारण से पहले फोलिक एसिड, एनीमिया की जांच एवं प्रबंधन, रक्तचाप और मधुमेह की जांच, पोषण संबंधी परामर्श, परिवार नियोजन और स्वस्थ जीवनशैली पर जोर दिया।
Jhpiego के प्रोग्राम ऑफिसर पंकज कुमार जायसवाल ने योग्य दंपतियों को नशे से दूर रहने, तनाव कम करने और संतुलित पोषण पर ध्यान देने की सलाह दी।
कार्यशाला में DPM नसीम रजा, एनसीडीओ डॉ. संजय सिंह, डीपीसी प्रिया बसंत, डीएएम चारभुज सिंह, डॉ. गोपाल मिश्रा, पंकज कुमार जायसवाल, प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर संजीव घोष सहित स्वास्थ्य विभाग एवं सहयोगी संस्थाओं के पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।







Total views : 108419