बेगूसराय। 26 सितंबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय में जन वितरण प्रणाली को पारदर्शी और प्रभावी बनाने की दिशा में आधार सीडिंग और खाद्यान्न उठाव में बड़ी प्रगति हुई है। जिले में 26,00,499 राशन यूनिट्स में से 25,89,915 की आधार सीडिंग पूरी हो चुकी है, जो 99.59 प्रतिशत है।
वहीं सितंबर में डोर स्टेप डिलीवरी अभिकर्ता द्वारा 99.32 प्रतिशत यानी 1,26,027.44 क्विंटल खाद्यान्न का उठाव किया जा चुका है। शनिवार को कारगिल विजय सभा भवन में डीएम रिची पांडेय की अध्यक्षता में आपूर्ति टास्क फोर्स की बैठक में इसकी समीक्षा की गई।
राशन कार्ड और ई-केवाईसी की भी समीक्षा: स्मार्ट पीडीएस के तहत प्राप्त 10,461 नए राशन कार्ड आवेदनों में से 5,253 को स्वीकृति दी जा चुकी है। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत ई-केवाईसी की समीक्षा में अब तक 5,662 मामलों यानी 54.12 प्रतिशत में प्रक्रिया पूरी होने की जानकारी दी गई। डीएम ने शेष ई-केवाईसी कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।
मुख्य परिवहन अभिकर्ता द्वारा सितंबर के लिए 69.99 प्रतिशत खाद्यान्न का उठाव किया गया है। डीएम ने खाद्यान्न के उठाव और वितरण में तेजी बनाए रखने तथा सभी पात्र लाभुकों तक समय पर खाद्यान्न पहुंचाने का निर्देश दिया।
471 पीडीएस दुकानों का निरीक्षण, 23 में मिली अनियमितता: अगस्त 2026 में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों ने जिले की 471 पीडीएस दुकानों का निरीक्षण किया। इनमें 23 दुकानों में अनियमितता मिलने पर संबंधित विक्रेताओं से स्पष्टीकरण और कारण पृच्छा की कार्रवाई की गई। इसके अलावा अनुमंडल पदाधिकारियों ने 54 और सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारियों ने 88 दुकानों का निरीक्षण किया।
लोक शिकायत निवारण अधिनियम के तहत प्राप्त 1,457 परिवादों का निष्पादन कर दिया गया है और वर्तमान में कोई मामला लंबित नहीं है। RTI के 56 मामलों में से 53 का निष्पादन हुआ है। वहीं प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत IOCL, BPCL और HPCL से संबंधित 12,420 आवेदनों की जांच प्रक्रिया समीक्षा के अधीन है।
डीएम ने अधिकारियों को आपूर्ति व्यवस्था में समयबद्धता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने, लंबित ई-केवाईसी पूरा कराने और पीडीएस दुकानों का नियमित निरीक्षण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि खाद्य सुरक्षा योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र लाभुक तक समय पर पहुंचना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।
बैठक में एसडीओ बेगूसराय अश्विनी कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी पूजा प्रीतम सहित सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी उपस्थित थे।







Total views : 108432