बेगूसराय। 09 सितंबर। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय में 9वें राष्ट्रीय पोषण माह 2026 का बुधवार को शुभारंभ हुआ। मिशन सक्षम आंगनबाड़ी एवं पोषण 2.0 के तहत जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
जिला पदाधिकारी रिची पांडेय के निर्देश पर हुए कार्यक्रमों में आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका, आशा, एएनएम, महिला पर्यवेक्षिका, जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोगों ने भाग लिया।
“हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी”: इस वर्ष पोषण माह की थीम “हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” है। अभियान का उद्देश्य बच्चों, किशोरियों, गर्भवती और धात्री महिलाओं के पोषण स्तर में सुधार के साथ आंगनबाड़ी केंद्रों में सामुदायिक भागीदारी बढ़ाना है। शुभारंभ के दौरान पोषण शपथ, पोषण संवाद, संतुलित आहार, स्थानीय खाद्य पदार्थों के उपयोग, बच्चों की वृद्धि निगरानी और एनीमिया से बचाव पर जागरूकता गतिविधियां हुईं।
रोज होंगी कम से कम पांच गतिविधियां: अभियान के दौरान आहार विविधता, पर्याप्त प्रोटीन, ताजा एवं गर्म पका भोजन, बाल विकास और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का लाभ दिलाने पर विशेष जोर रहेगा। जिले में प्रतिदिन कम से कम पांच गतिविधियां आयोजित कर उनकी जानकारी जन-आंदोलन डैशबोर्ड पर दर्ज की जाएगी। अभियान में स्वास्थ्य, शिक्षा, पंचायती राज, ग्रामीण विकास, जीविका, कृषि, पीएचईडी और कल्याण विभाग समेत अन्य विभाग सहयोग करेंगे।
जिला प्रशासन ने लोगों से पोषण माह की गतिविधियों में भाग लेने और कुपोषण व एनीमिया मुक्त, स्वस्थ एवं सुपोषित बेगूसराय के निर्माण में सहयोग करने की अपील की है।





Total views : 105275