बेगूसराय, 10 मई 2026: नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
डीएवी पब्लिक स्कूल हर्रख, बेगूसराय में मातृ दिवस के अवसर पर रविवार को भव्य “मातृ दिवस एवं सम्मान समारोह” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य मां के त्याग, समर्पण और निस्वार्थ प्रेम को सम्मानित करना था। इस अवसर पर विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों की माताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न गतिविधियों का आनंद उठाया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में जयाशाद्री, सदर अस्पताल में कार्यरत डॉ. दिव्या, डॉ. ऋचा, आर्यवैदिक कॉलेज के डॉ. राजीव शर्मा एवं सुभाष पाण्डा उपस्थित रहे। समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।

मां के प्रेम की कोई तुलना नहीं : प्राचार्या सबिता: विद्यालय की प्राचार्या सह क्षेत्रीय सहायक अधिकारी सबिता ने दीप प्रज्ज्वलन की व्याख्या करते हुए कहा कि जिस प्रकार दीपक की लौ निरंतर ऊपर उठते हुए प्रकाश फैलाती है, उसी प्रकार मां का प्रेम भी अपने बच्चों के प्रति हमेशा बढ़ता रहता है और कभी कम नहीं होता। उन्होंने कहा कि मां हमारे जीवन की पहली गुरु होती है, जो हमें बोलना, चलना, संस्कार और सही मार्ग पर चलना सिखाती है। मां बिना किसी स्वार्थ के अपने बच्चों से प्रेम करती है और हर परिस्थिति में उनका साथ निभाती है। उन्होंने कहा कि मां का प्यार दुनिया का सबसे सच्चा और अनमोल प्रेम होता है, इसलिए हमें उनकी खुशी और सम्मान का सदैव ध्यान रखना चाहिए।

प्रतियोगिताओं में माताओं ने दिखाया उत्साह: समारोह के दौरान उपस्थित माताओं के लिए रस्साकशी, रैंप वॉक सहित कई मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। माताओं ने पूरे उत्साह के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लिया और कार्यक्रम का आनंद उठाया।

मेधावी एवं प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित: कार्यक्रम में शैक्षणिक सत्र 2025-26 की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले, पाठ्यचर्या गतिविधियों में अपनी पहचान बनाने वाले तथा सौ प्रतिशत उपस्थिति दर्ज कराने वाले छात्र-छात्राओं को उनके अभिभावकों के साथ सम्मानित किया गया।उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मेडल एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

साथ ही उनके अभिभावकों को भी मंच पर बुलाकर सम्मानित किया गया। यह दृश्य काफी भावुक और गौरवपूर्ण रहा, जहां अभिभावकों के चेहरे पर अपने बच्चों की सफलता की खुशी साफ दिखाई दे रही थी। कार्यक्रम को सफल बनाने में अल्पना बोस, ऋतुमिता श्रीवास्तव, किरण कुमारी, ज्योति, अनुराग एवं कुंदन कुमारी का विशेष योगदान रहा।







Total views : 85473