बेगूसराय | 28 अप्रैल 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय के कार्यानंद भवन में मंगलवार को खेत मजदूर यूनियन की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता राम प्रकाश पासवान ने की। इस दौरान वक्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों पर तीखा प्रहार करते हुए आरोप लगाया कि कॉर्पोरेट घरानों को लाभ पहुंचाने के लिए मनरेगा जैसी योजनाओं को कमजोर किया जा रहा है। भाकपा जिला सचिव व पूर्व विधायक अवधेश कुमार राय ने कहा कि मजदूरों के रोजगार की गारंटी खत्म की जा रही है और उनके अधिकारों की लड़ाई को दबाने की कोशिश हो रही है। उन्होंने इसे जनविरोधी कदम बताते हुए इसके खिलाफ गांव से लेकर दिल्ली तक आंदोलन चलाने की बात कही।
20 मई को पंचायत स्तर पर धरना का ऐलान: वहीं, बैठक के उद्घाटनकर्ता पूर्व विधायक सूर्यकांत पासवान ने संगठन विस्तार पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि जून तक पंचायत और अंचल स्तर पर इकाइयों का गठन किया जाएगा और 20 हजार मजदूरों को यूनियन से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।साथ ही यह भी निर्णय लिया गया कि 20 मई को जिले के सभी पंचायतों में मनरेगा कार्यालय के सामने दो घंटे का सांकेतिक धरना दिया जाएगा। इस धरना के माध्यम से मजदूरों की विभिन्न मांगों को उठाया जाएगा।
‘मनरेगा बचाओ’ समेत कई मुद्दों पर आंदोलन तेज करने की रणनीति: खेत मजदूर यूनियन के जिला मंत्री राजेंद्र सहनी ने आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि ‘मनरेगा बचाओ, देश बचाओ, संविधान बचाओ’ अभियान के तहत आंदोलन तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिले की नदियों, नालों और पोखरों की उराही कर मजदूरों को रोजगार दिया जाए। इसके अलावा बसे हुए गरीबों पर बुलडोजर कार्रवाई रोकने, सभी को आवास उपलब्ध कराने, भूमिहीन परिवारों को मुफ्त बिजली देने और बिजली बिल में हो रहे घोटाले पर रोक लगाने की मांग प्रमुख रूप से उठाई जाएगी।
बैठक में गोवर्धन तांती, बीरबल राम, अशोक पासवान, सुरेश सहनी, राजेंद्र महतो, गोपाल पोद्दार, इन्द्रदेव सिंह, जनार्दन तांती, सुरेश राम, बिश्वम्भर प्रसाद और रामाश्रय पासवान सहित कई वक्ताओं ने अपने विचार रखे और आंदोलन को मजबूत करने का आह्वान किया।







Total views : 82958