बेगूसराय, 22 जून 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
चकिया थाना क्षेत्र के बिंदटोली में महिला के साथ हुई कथित सामूहिक दुष्कर्म की घटना को लेकर जिला महिला कांग्रेस बेगूसराय ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष गायत्री देवी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मामले में त्वरित कार्रवाई और दोषियों के खिलाफ कड़ी सजा की मांग उठाई।
पुलिस और अस्पताल प्रशासन की जवाबदेही तय करने की मांग: जिला महिला कांग्रेस की अध्यक्ष गायत्री देवी ने बताया कि ज्ञापन के माध्यम से जिलाधिकारी के समक्ष कई महत्वपूर्ण मांगें रखी गई हैं। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया इस मामले में पुलिस और अस्पताल प्रशासन की लापरवाही सामने आई है। ऐसे में संबंधित अधिकारियों और कर्मियों की जवाबदेही तय की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
दोषियों को स्पीडी ट्रायल के माध्यम से कड़ी सजा देने की मांग: प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि मामले में गिरफ्तार और नामजद आरोपियों के खिलाफ स्पीडी ट्रायल चलाया जाए तथा उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए। महिला कांग्रेस नेताओं का कहना है कि अपराधियों के मन में कानून और प्रशासन का भय बना रहना जरूरी है, जिससे समाज में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
पीड़िता की सुरक्षा और आर्थिक सहायता पर जोर: ज्ञापन में पीड़िता को पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराने की भी मांग की गई। साथ ही सरकार और जिला प्रशासन से आग्रह किया गया कि पीड़िता को उचित सरकारी आर्थिक सहायता दी जाए, जिससे वह इस कठिन परिस्थिति से उबर सके और सामान्य जीवन की ओर लौट सके। जिलाधिकारी से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में गुलशन आरा, अंजलि पासवान, प्रेमलता कुमारी, खुशबू कुमारी, कांग्रेस विचार विभाग के जिलाध्यक्ष राम पदरथ यादव, शेख मोहम्मद जफर, सोशल मीडिया विभाग के जिलाध्यक्ष कुशमेष कुमार, सावर कुमार, राजकुमार राय, मुकेश प्रियदर्शी, मुन्शी पासवान, सचिन सिंह, आर्यन ठाकुर, मंटून सिंह, मोहित सिंह, पुष्कर गौतम, बबलू शर्मा, जावेद जाफरी, विनोद कुमार एवं कुमार रत्नेश टुल्लू सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।







Total views : 91592