9 अगस्त क्रांति दिवस पर निकाला मार्च, किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ जताया आक्रोश
बेगूसराय। 9 अगस्त 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
अखिल भारतीय किसान महासभा के राष्ट्रीय आह्वान पर 9 अगस्त क्रांति दिवस के अवसर पर बेगूसराय में किसान महासभा एवं भाकपा माले कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार की किसान नीतियों के विरोध में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने भाकपा माले कार्यालय कमलेश्वरी भवन से झंडा-बैनर के साथ मार्च निकाला और बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पुतले का दहन किया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने किसान विरोधी कानूनों एवं नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान 9 अगस्त 1995 को शहीद हुए नंदलाल पासवान और सिकंदर सदा सहित किसान आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि भी दी गई। भाकपा माले के जिला सचिव दिवाकर प्रसाद तथा किसान महासभा के जिला सचिव बैजू सिंह, अध्यक्ष नवलकिशोर सिंह और राजेश श्रीवास्तव ने कहा कि बिहार में सेटेलाइट टाउनशिप के नाम पर किसानों की जमीन की लूट की जा रही है। उन्होंने प्रस्तावित प्रोजेक्ट को रद्द करने की मांग की। नेताओं ने कहा कि किसानों की जमीन पर लगाए गए सभी तरह के प्रतिबंधों को तत्काल हटाया जाए। किसान महासभा ने किसानों की फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य सुनिश्चित करने तथा प्रस्तावित अमेरिका-भारत कृषि व्यापार समझौते को रद्द करने की भी मांग की।
छात्र आंदोलन और मजदूर की हत्या की निंदा: प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने झारखंड में छात्र आंदोलन के समर्थन में निकाले गए जुलूस के दौरान आइसा की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा पर कथित रूप से स्याही फेंके जाने की घटना की निंदा की। साथ ही रोहतास जिले के दिनारा में बकाया मजदूरी मांगने पर चंदेश्वर चौधरी की गोली मारकर हत्या किए जाने की घटना की भी तीखी निंदा की गई। वक्ताओं ने घटना के आरोपी अजित तिवारी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।कार्यक्रम में खेग्रामस के जिला सचिव चन्द्रदेव वर्मा, रिक्शा चालक संघ ऐक्टू के अध्यक्ष टुनटुन राय, सचिव कन्हैयालाल साह, गजेन्द्र पंडित, संजय ठाकुर, दयाराम साह, मोहम्मद जमील, अमरजीत कुमार, दीपक कुमार, सुनील पासवान, रामबली साह, जीतेन्द्र पौद्दार और रवीन्द्र महतो सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।







Total views : 99273