बेगूसराय, 16 मई 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति एवं राज्य स्वास्थ्य समिति, बिहार के निर्देश के आलोक में बेगूसराय जिले में 152 स्थानों पर समेकित स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसी क्रम में शनिवार को बिहार ग्रामीण जागरूकता अभियान समिति (BGJAS) के लक्षित हस्तक्षेप परियोजना कार्यालय में माइक्रो प्लान तैयार करने हेतु एक समन्वय बैठक आयोजित की गई।बैठक में ऑनलाइन जुड़ते हुए समिति के संयुक्त निदेशक (प्रिवेंशन एवं आईईसी) मनोज कुमार सिन्हा ने ऐसे हॉटस्पॉट एवं संवेदनशील स्थानों की पहचान करने पर जोर दिया, जहां HIV संक्रमण की संभावना अधिक हो सकती है। उन्होंने लक्षित हस्तक्षेप परियोजना, लिंक वर्कर स्कीम, सीएससी एवं प्रिजन परियोजना से जुड़े कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को माइक्रो प्लान के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कार्यक्रम को प्रभावी रूप से सफल बनाने के लिए जल्द ही जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में विभिन्न हितभागियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक को संबोधित करते हुए BGJAS के कार्यपालक निदेशक ई. कौशलेंद्र कुमार ने कहा कि माइक्रो प्लान तैयार करते समय उच्च जोखिम समूह, माइग्रेंट श्रमिक, अन्य वल्नरेबल पॉपुलेशन तथा हार्ड टू रीच एरिया को प्राथमिकता में शामिल किया जाए। इसके बाद बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने मार्गदर्शिका के अनुरूप 152 हॉटस्पॉट एवं विभिन्न स्थलों को चिन्हित कर स्वास्थ्य शिविरों के माइक्रो प्लान को अंतिम रूप दिया।
🤔इन स्वास्थ्य शिविरों में HIV, सिफलिस, हेपेटाइटिस-बी, हेपेटाइटिस-सी, ब्लड शुगर एवं ब्लड प्रेशर सहित कई महत्वपूर्ण जांचें निशुल्क की जाएंगी। साथ ही आवश्यकता अनुसार मुफ्त दवा वितरण, परामर्श सेवा, STI जांच एवं चिकित्सा सेवा भी उपलब्ध कराई जाएगी।यह कार्यक्रम राज्य के 36 जिलों में संचालित किया जा रहा है। बेगूसराय, समस्तीपुर, सहरसा एवं सुपौल जिलों में इसके क्रियान्वयन की जिम्मेदारी बिहार ग्रामीण जागरूकता अभियान समिति को सौंपी गई है।
बैठक में परियोजना प्रबंधक मनीष कुमार, परामर्शी अंबिका कुमारी, आउटरीच वर्कर रीता, लक्ष्मी, ओमकार, लक्ष्मण, लिंक वर्कर स्कीम के सुजीत कुमार एवं मुकेश कुमार, सीएससी कोऑर्डिनेटर राजीव कुमार, प्रिजन कोऑर्डिनेटर रवीश कुमार सिंह सहित कई कार्यकर्ता एवं हितभागी उपस्थित रहे।






Total views : 86412