बेगूसराय, 28 जुलाई 2026 नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
शहर के एक निजी विद्यालय में मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस नेता नीरज कुमार के नेतृत्व में संगठन सृजन अभियान के तहत नवनियुक्त प्रखंड अध्यक्षों एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के सम्मान समारोह सह पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संगठन को मजबूत करने और वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम का स्वागत भाषण वरिष्ठ नेता नारायण सिंह ने दिया। मंच संचालन रामविलास सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सुबोध कुमार ने किया। इस दौरान नवनियुक्त प्रखंड अध्यक्षों और वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं को नीरज कुमार ने अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। पत्रकारों को संबोधित करते हुए नीरज कुमार ने कहा कि उन्हें कांग्रेस नेतृत्व ने बेगूसराय और बिहार में संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे लगातार जनहित के मुद्दों पर केंद्र सरकार के खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं।

उन्होंने दावा किया कि छात्र आंदोलन के दौरान कांग्रेस ने छात्रों के साथ मजबूती से खड़े होकर उनका समर्थन किया और इसी संघर्ष का परिणाम केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के रूप में सामने आया। गुटबाजी से जुड़े एक सवाल के जवाब में नीरज कुमार ने कहा कि हर राजनीतिक दल में मतभेद होते हैं, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं का लक्ष्य राहुल गांधी के नेतृत्व में वर्ष 2029 में कांग्रेस नीत सरकार बनाना है।

कांग्रेस नेता अभय कुमार सिंह सार्जन ने कहा कि संगठन सृजन अभियान से पार्टी को नई ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने नवनियुक्त प्रखंड अध्यक्षों का स्वागत करते हुए कहा कि बेगूसराय के कांग्रेस कार्यकर्ता राहुल गांधी और गांधी परिवार के नेतृत्व में जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखेंगे। उन्होंने बेगूसराय के सांसद एवं केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह पर जिले की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस शासनकाल के बाद जिले में अपेक्षित विकास नहीं हुआ है।
कार्यक्रम को नवनियुक्त प्रखंड अध्यक्ष ब्रजेश कुमार प्रिंस, अशोक सिंह, संजीव कुमार आर्य, किशोर कुमार, रामानुज कुंवर, अमोद कुमार, नाश हसन, राकेश सिंह, विक्रम कुमार, ललन कुमार, मो. मतीन सहित कई नेताओं ने भी संबोधित किया। समारोह में कांग्रेस के दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







Total views : 96808