बेगूसराय में प्री-प्रेग्नेंसी केयर (PPC) परियोजना का शुभारंभ, मातृ एवं नवजात स्वास्थ्य को मिलेगा नया संबल
बेगूसराय | 05 अगस्त 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
जिला स्वास्थ्य समिति, बेगूसराय एवं जपाइगो के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को डीएचएस सभागार में प्री-प्रेग्नेंसी केयर (PPC) परियोजना का जिला स्तरीय शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम प्रबंधक (स्वास्थ्य) एम.डी. नसीम रजा, डीएएम चतुर्भुज प्रसाद सिंह, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी (DIO) डॉ. गोपाल मिश्रा, जिला गैर-संचारी रोग पदाधिकारी (NCDO) डॉ. संजय सिंह, डॉ. राजू, डीपीसी प्रिया बसंत, जपाइगो के सीनियर प्रोग्राम मैनेजर डॉ. राकेश झा, सीनियर प्रोग्राम ऑफिसर डॉ. आनंद दीक्षित, प्रोग्राम ऑफिसर पंकज जायसवाल, प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर संजीव घोष सहित जिले के सभी 18 प्रखंडों के एमओआईसी (MOIC), बीएचएम (BHM), बीसीएम (BCM), स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार ने कहा कि स्वस्थ मातृत्व और स्वस्थ शिशु के लिए गर्भधारण से पहले स्वास्थ्य जांच, पोषण परामर्श तथा एनीमिया, मधुमेह, उच्च रक्तचाप सहित अन्य जोखिम कारकों की समय पर पहचान एवं उपचार अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी स्वास्थ्यकर्मियों से इस परियोजना को प्रभावी ढंग से लागू करने का आह्वान किया।
एम.डी. नसीम रजा ने कहा कि यह परियोजना मातृ एवं नवजात मृत्यु दर में कमी लाने और स्वस्थ परिवार के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। वहीं डॉ. राकेश झा और डॉ. आनंद दीक्षित ने परियोजना की कार्ययोजना, उद्देश्य और क्रियान्वयन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि योग्य दंपत्तियों को गर्भधारण से पूर्व स्वास्थ्य परामर्श, आवश्यक जांच, पोषण संबंधी मार्गदर्शन और जोखिम कारकों की समय पर पहचान की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
कार्यक्रम में प्रतिभागियों को प्री-प्रेग्नेंसी केयर, रेफरल प्रणाली, सामुदायिक जागरूकता, योग्य दंपत्ति सर्वेक्षण, जोखिम कारकों की पहचान तथा गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर प्रशिक्षण दिया गया। सभी प्रखंडों के स्वास्थ्य अधिकारियों ने परियोजना के सफल संचालन में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के अंत में प्रोग्राम ऑफिसर पंकज जायसवाल एवं प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर संजीव घोष ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया और विश्वास जताया कि यह परियोजना बेगूसराय में मातृ एवं नवजात स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सशक्त बनाएगी।







Total views : 98230