बेगूसराय, 6 जून। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार द्वारा संचालित आम्रपाली कला प्रशिक्षण केंद्र, बेगूसराय में गायन, वादन और नृत्य की विभिन्न विधाओं का निःशुल्क प्रशिक्षण शुरू हो गया है। कंकौल स्थित प्रेक्षागृह-सह-आर्ट गैलरी परिसर में संचालित इस केंद्र में अब तक लगभग 60 छात्र-छात्राओं ने नामांकन कराया है। गर्मी को देखते हुए वर्तमान में कक्षाएं सुबह 8 बजे से 11 बजे तक संचालित की जा रही हैं। नामांकन “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर किया जा रहा है तथा न्यूनतम आयु सीमा 6 वर्ष निर्धारित है।
जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी श्याम कुमार सहनी ने बताया कि केंद्र का उद्देश्य बच्चों और युवाओं की कलात्मक प्रतिभा को निखारना तथा उन्हें राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन के लिए तैयार करना है। केंद्र में शास्त्रीय संगीत, शास्त्रीय नृत्य, वाद्ययंत्र प्रशिक्षण के साथ-साथ चित्रकला और नाट्यकला की भी व्यवस्था की गई है।
इच्छुक अभ्यर्थी आधार कार्ड, जन्म प्रमाण-पत्र और तीन पासपोर्ट फोटो के साथ नामांकन करा सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए कला एवं संस्कृति कार्यालय, अटल खेल भवन, गांधी स्टेडियम, बेगूसराय से संपर्क किया जा सकता है।







Total views : 89317