बेगूसराय। 6 अगस्त 2026।नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
निगम कार्यालय परिसर में तीन सूत्री मांगों को लेकर स्वच्छता सेनानियों का धरना प्रदर्शन जारी है। इसी क्रम में नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष जवाहरलाल भारद्वाज धरना स्थल पहुंचे और आंदोलनरत स्वच्छता कर्मियों को अपना नैतिक समर्थन दिया। इस दौरान महापौर, उपमहापौर तथा कई नगर पार्षद भी मौजूद रहे। धरना स्थल पर संबोधित करते हुए भारद्वाज ने कहा कि उनके कार्यकाल में नगर परिषद की टैक्स वसूली करीब 1.40 करोड़ रुपये थी, जिससे 262 दैनिक स्वच्छता सेनानियों का वेतन दिया जाता था। उन्होंने कहा कि नगर निगम बनने के बाद होल्डिंग टैक्स से आय बढ़कर लगभग 40 करोड़ रुपये हो गई है, फिर भी स्वच्छता सेनानियों के वेतन और सुविधाओं में अपेक्षित बढ़ोतरी नहीं की गई। उन्होंने मांग की कि दैनिक वेतनभोगी स्वच्छता कर्मियों को आउटसोर्सिंग कर्मियों की तरह 800 रुपये प्रतिदिन, जीवन बीमा, आकस्मिक निधन पर 50 हजार रुपये की सहायता राशि तथा सफाई कार्य के लिए आवश्यक सुरक्षा उपकरण और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
पूर्व उपाध्यक्ष ने नगर निगम की होल्डिंग टैक्स व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि नियमों के विपरीत आम लोगों से अधिक टैक्स वसूला जा रहा है। उन्होंने कहा कि नगर निकायों की श्रेणी के अनुसार बेगूसराय नगर निगम को पटना नगर निगम की निर्धारित दर का 60 प्रतिशत ही होल्डिंग टैक्स लेने का अधिकार है, लेकिन इससे अधिक दर पर टैक्स वसूला जा रहा है, जिससे शहरवासियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।उन्होंने बताया कि इस संबंध में महापौर, उपमहापौर, सशक्त स्थायी समिति तथा नगर आयुक्त को पहले भी आवेदन दिया जा चुका है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नगर निगम प्रशासन नियमों के अनुरूप होल्डिंग टैक्स में सुधार कर स्वच्छता कर्मियों और आम नागरिकों दोनों को राहत देने की दिशा में उचित निर्णय लेगा।






Total views : 98484