बेगूसराय | 06 अगस्त 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री की अध्यक्षता में गुरुवार को कारगिल विजय सभा भवन में जिला स्तरीय समन्वय समिति की समीक्षात्मक बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में जनगणना कार्य, लोक शिकायत निवारण अधिनियम, मुख्यमंत्री जन शिकायत कार्यक्रम (JKDMM), CPGRAMS, E-Compliance, उच्च न्यायालय में लंबित 115 CWJC मामलों, मंदिरों की चारदीवारी योजना, जन्म-मृत्यु पंजीकरण, ‘दिशा’ बैठक के अनुपालन, जीविका की ‘दीदी की रसोई’ एवं ‘दीदी अधिकार केंद्र’, नीलाम पत्र मामलों तथा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की तैयारियों की समीक्षा की गई।
डीएम ने बताया कि लोक शिकायत निवारण अधिनियम के 508 मामलों में 122 का निष्पादन हो चुका है तथा 60 दिनों से अधिक का कोई मामला लंबित नहीं है। वहीं जनवरी से जुलाई 2026 तक जिले में 85,350 जन्म एवं 9,523 मृत्यु का पंजीकरण किया गया है। मंदिरों की चारदीवारी योजना के तहत 39 मंदिरों के लिए भूमि अनापत्ति प्रमाण-पत्र शीघ्र जारी करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में उप विकास आयुक्त आकाश चौधरी, अपर समाहर्ता बृजकिशोर चौधरी, अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) महेश्वर प्रसाद, सिविल सर्जन बेगूसराय, सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।







Total views : 98487