बेगूसराय। 3 सितंबर। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
जिला पदाधिकारी रिची पांडेय ने गुरुवार को मंझौल अनुमंडल के विभिन्न संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने स्कूल और अस्पताल में शैक्षणिक एवं स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति देखी। इसके बाद चेरियाबरियारपुर प्रखंड कार्यालय में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक की।
बालिका प्लस टू विद्यालय का निरीक्षण: डीएम ने राजकीयकृत दीनानाथ परमेश्वरी बालिका प्लस टू विद्यालय, मंझौल का निरीक्षण किया। उन्होंने कक्षाओं में चल रही पढ़ाई, विद्यार्थियों की उपस्थिति और अनुशासन की जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों से बातचीत की और उनकी कॉपियां भी जांचीं।

विद्यालय प्रबंधन को दिए निर्देश : निरीक्षण के दौरान एक कक्षा में विद्यार्थियों की संख्या कम मिली। कुछ विद्यार्थी निर्धारित विद्यालयी पोशाक में भी नहीं थे। इस पर डीएम ने विद्यालय प्रबंधन को नियमित उपस्थिति और निर्धारित पोशाक सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर भी विशेष ध्यान देने को कहा।
मंझौल अनुमंडल अस्पताल का निरीक्षण: इसके बाद डीएम ने मंझौल अनुमंडल अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई और मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। अस्पताल प्रभारी को मरीजों को जरूरत के अनुसार समय पर दवा और स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

महिला चिकित्सक की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश: डीएम ने मरीजों और उनके परिजनों के साथ संवेदनशील एवं शिष्टाचारपूर्ण व्यवहार सुनिश्चित करने पर जोर दिया। महिला चिकित्सक की कमी से महिला मरीजों को हो रही परेशानी की जानकारी मिलने पर उन्होंने सिविल सर्जन को आवश्यक कार्रवाई करते हुए महिला चिकित्सक की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
डीएम ने मरीजों से फोन पर की बात: अस्पताल में अल्ट्रासाउंड रजिस्टर की भी जांच की गई। डीएम ने रजिस्टर में दर्ज कुछ मरीजों से फोन पर बात कर अल्ट्रासाउंड जांच और अस्पताल की सेवाओं के बारे में जानकारी ली।
प्रखंड कार्यालय में हुई समीक्षा बैठक : चेरियाबरियारपुर प्रखंड कार्यालय में हुई समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों की कार्यप्रगति और जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की गई। डीएम ने पंचायत स्तरीय कर्मियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आम लोगों को अपने काम के लिए अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने प्रखंड स्तर से जुड़े मामलों और शिकायतों का यथासंभव प्रखंड स्तर पर ही निपटारा करने को कहा। शिक्षा व्यवस्था की समीक्षा के दौरान विद्यालयों के नियमित निरीक्षण और विद्यार्थियों की उपस्थिति पर निगरानी रखने का निर्देश दिया गया।
आंगनबाड़ी केंद्रों की नियमित जांच का निर्देश : डीएम ने आंगनबाड़ी केंद्रों की नियमित जांच करने को भी कहा। उन्होंने बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और सर्वांगीण विकास की स्थिति की समीक्षा पर जोर दिया।
विद्युत विभाग की समीक्षा में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रचार-प्रसार का निर्देश दिया गया। साथ ही अधिक से अधिक पात्र लोगों को योजना का लाभ दिलाने के लिए प्रेरित करने को कहा गया।
बैठक में आगामी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मेला की तैयारियों की भी समीक्षा हुई। डीएम ने मेला क्षेत्र में जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के साथ यातायात को सुचारु रखने का निर्देश दिया। उन्होंने स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने और हर घर से नियमित डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण की प्रभावी मॉनिटरिंग करने को कहा।





Total views : 103829