बेगूसराय | 07 अगस्त, 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय के जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने शुक्रवार को मटिहानी प्रखंड का भ्रमण कर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं राजकीय डिग्री महाविद्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दोनों संस्थानों में उपलब्ध व्यवस्थाओं, सेवाओं और शैक्षणिक गतिविधियों का विस्तृत जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, मटिहानी के निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सकीय व्यवस्था, दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई तथा स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने और स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए।
इसके बाद जिला पदाधिकारी ने राजकीय डिग्री महाविद्यालय, मटिहानी का निरीक्षण कर पठन-पाठन की व्यवस्था, कक्षाओं के संचालन तथा विद्यार्थियों की शैक्षणिक गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई और महाविद्यालय से जुड़े विभिन्न विषयों की जानकारी भी ली।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी स्वयं कक्षा में पहुंचे और ब्लैकबोर्ड पर विद्यार्थियों को पढ़ाया। उन्होंने विषय से संबंधित प्रश्न पूछकर छात्रों की समझ का आकलन किया तथा उन्हें नियमित अध्ययन, लक्ष्य के प्रति सजग रहने और शिक्षा के माध्यम से बेहतर भविष्य बनाने के लिए प्रेरित किया। उनका यह सहज और संवादात्मक व्यवहार विद्यार्थियों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने और विद्यार्थियों के हित में आवश्यक व्यवस्थाओं को और मजबूत बनाने का निर्देश दिया।निरीक्षण के दौरान संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी भी उपस्थित रहे।







Total views : 98822