बेगूसराय। 30 जून 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेटियों के प्रति समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने और ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान को मजबूती देने के उद्देश्य से मंगलवार को सदर अस्पताल, बेगूसराय में “बेटी जन्मोत्सव सह कन्या रत्न सम्मान समारोह” का आयोजन किया गया। महिला एवं बाल विकास निगम, बेगूसराय की पहल पर आयोजित इस कार्यक्रम में पिछले पांच दिनों के दौरान जन्मी 10 नवजात बेटियों को “कन्या रत्न” के रूप में सम्मानित किया गया।
नवजात बेटियों का सम्मान, माताओं को मिली बेबी केयर किट: कार्यक्रम जिला प्रोग्राम पदाधिकारी रश्मि कुमारी के निर्देशन में आयोजित हुआ। इस दौरान जिला परियोजना प्रबंधक डॉ. अनुजा कुमारी ने नवजात बेटियों की माताओं को शुभकामनाएं देते हुए बेबी केयर किट भेंट की। उन्होंने कहा कि बेटियां परिवार, समाज और राष्ट्र की अमूल्य धरोहर हैं तथा उनके जन्म को उत्सव के रूप में मनाने से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है।
महिलाओं को सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी: समारोह में उपस्थित माताओं और उनके परिजनों को महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी दी गई। उन्हें वन स्टॉप सेंटर (OSC), जिला हब फॉर एम्पॉवरमेंट ऑफ वूमेन (DHEW), महिला हेल्पलाइन-181, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना तथा ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के उद्देश्यों और लाभों से अवगत कराया गया। साथ ही योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया भी समझाई गई।
‘बेटी है अनमोल’ का संदेश पहुंच रहा घर-घर: वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक वीणा कुमारी ने कहा कि बेटियों के जन्म को सम्मान और उत्सव के रूप में मनाने की परंपरा लैंगिक समानता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि मिशन शक्ति के तहत “बेटी है अनमोल” का संदेश घर-घर तक पहुंचाया जा रहा है, जिससे समाज में बेटियों के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता बढ़ रही है। उन्होंने यह भी कहा कि जागरूकता अभियानों का सकारात्मक असर जिले के लिंगानुपात में भी देखने को मिल रहा है।
बेटियों को शिक्षित और सशक्त बनाने का लिया संकल्प: कार्यक्रम में स्वीटी कुमारी (मनो-सामाजिक परामर्शी, वन स्टॉप सेंटर), मिली कुमारी (डीएचईडब्ल्यू), रेणु कुमारी, सदर अस्पताल के नर्सिंग स्टाफ एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे। समारोह के अंत में सभी लाभार्थी माताओं और उनके परिजनों ने अपनी बेटियों को शिक्षित, आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने तथा उन्हें समान अवसर उपलब्ध कराने का संकल्प लिया।






Total views : 92384