बेगूसराय। 21 सितंबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
इन वर्ष दुर्गा पूजा का कलश स्थापना 11 अक्टूबर को होगा जबकि विजयादशमी 21 अक्टूबर को होगा। इस बात की घोषणा बेगूसराय के पंडितों की एक बैठक में कई गयी। नगर दुर्गा पूजा महासमिति के सचिव मंडल एवं शहर की विभिन्न दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारियों और सदस्यों की बैठक श्री सप्तशती दुर्गा पूजा समिति, बाघी पोखर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महासमिति के अध्यक्ष रामरतन कुमार ने की, जबकि संचालन महासचिव आलोक कुमार मुन्ना ने किया। महासमिति के मीडिया प्रभारी कन्हैया झा ने उपस्थित सदस्यों का स्वागत किया।
बैठक में सबसे पहले महासमिति के कोषाध्यक्ष विष्णुदेव झा ने वर्ष 2025 का आय-व्यय प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से पारित किया। बैठक में शहर की 22 दुर्गा पूजा समितियों के प्रतिनिधियों के साथ पूजा समितियों से जुड़े ब्राह्मण एवं आचार्य भी उपस्थित रहे।
विभिन्न पंचांगों में पूजा की तिथियों को लेकर अंतर और असमंजस की स्थिति को देखते हुए उपस्थित पूजा समितियों के पदाधिकारियों एवं ब्राह्मणों के विचार-विमर्श के बाद मिथिला पंचांग के आधार पर दुर्गा पूजा का तिथि-वार कार्यक्रम सर्वसम्मति से घोषित किया गया।
दुर्गा पूजा का तिथि-वार कार्यक्रम
11 अक्टूबर 2026, रविवार: कलश स्थापना
12 अक्टूबर, सोमवार: द्वितीय पूजन
13 अक्टूबर, मंगलवार: तृतीया पूजन
14 अक्टूबर, बुधवार: चतुर्थ पूजन
15 अक्टूबर, गुरुवार: पंचम पूजन
16 अक्टूबर, शुक्रवार: षष्ठी पूजन, बिल्व (बेल) निमंत्रण एवं गज पूजन
17 अक्टूबर, शनिवार: मां कालरात्रि पूजन एवं नवपत्रिका प्रवेश
18 अक्टूबर, रविवार: देवी जागरण, निशा पूजा एवं प्राण प्रतिष्ठा; मध्य रात्रि में आम श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए मां के पट खोले जाएंगे।
19 अक्टूबर, सोमवार: महाष्टमी व्रत एवं खोइछा
20 अक्टूबर, मंगलवार: महानवमी पूजन एवं हवन
21 अक्टूबर, बुधवार: विजयदशमी एवं सूर्योदय से पूर्व कलश विसर्जन
22 अक्टूबर, गुरुवार: मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन
जितिया पर्व का कार्यक्रम:
2 अक्टूबर 2026, शुक्रवार: नहाय-खाय, सुबह 4 बजे से ओढ़गन
3 अक्टूबर, शनिवार: जितिया व्रत एवं अहोरात्र
4 अक्टूबर, रविवार: सुबह 7:30 बजे के बाद पारण
बैठक में बताया गया कि इस वर्ष भगवती के आगमन का वाहन गज (हाथी) है, जिसका फल अच्छी दृष्टि बताया गया है। वहीं भगवती के प्रस्थान का वाहन भी गज (हाथी) रहेगा, जिसका फल शुभ दृष्टि बताया गया।
सुरक्षित और धूमधाम से दुर्गा पूजा मनाने का निर्णय: महासमिति के महासचिव आलोक कुमार मुन्ना ने बताया कि बेगूसराय शहर में करीब 50 दुर्गा पूजा समितियां हैं, जिनमें से 25 समितियां नगर दुर्गा पूजा महासमिति से जुड़ी हैं। महासमिति का उद्देश्य सभी पूजा समितियों के साथ मिलकर निष्ठापूर्वक पूजा कार्यक्रम आयोजित करना, पूजा एवं मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य व्यवस्थाओं को बेहतर बनाना है।
महासमिति के अध्यक्ष रामरतन कुमार ने कहा कि दुर्गा पूजा से संबंधित विभिन्न समस्याओं एवं आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर जल्द ही महासमिति का प्रतिनिधिमंडल जिला प्रशासन से मुलाकात करेगा। इसके अलावा शहर में ध्वनि विस्तारक यंत्र के माध्यम से पूजा कार्यक्रम की जानकारी प्रसारित करने तथा छोटे पोस्टर वितरित करने का भी निर्णय लिया गया।
नगर दुर्गा पूजा महासमिति ने शहरवासियों और सभी दुर्गा पूजा समितियों से अपील की है कि घोषित तिथि-वार कार्यक्रम के अनुसार सामूहिक रूप से पूजा कार्यक्रम आयोजित करें।
बैठक में 22 दुर्गा पूजा समितियों के प्रतिनिधियों और 10 ब्राह्मणों सहित रामप्रताप चौधरी, रामरतन कुमार, श्रीराम ठाकुर, गुड्डू वर्मा, राजेश गुप्ता, कन्हैया झा, कुंदन कुमार, अभिषेक कुमार, पुनिल कुमार सिन्हा, रामानुज पासवान, कार्तिक झा, आजाद सहनी, राजन सिन्हा, विनीत झा, जितेंद्र कुमार और विजय ठाकुर सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे। धन्यवाद ज्ञापन पुनिल कुमार सिन्हा ने किया।







Total views : 107280