बेगूसराय, 29 मई 2026 नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
भारत स्काउट एवं गाइड के सर्वोच्च सम्मान ‘राष्ट्रपति पुरस्कार’ से सम्मानित बीहट निवासी होनहार छात्रा शिखा रानी ने शुक्रवार को जिला पदाधिकारी बेगूसराय श्रीकांत शास्त्री से उनके कार्यालय कक्ष में शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान जिला पदाधिकारी ने शिखा रानी को उनकी प्रेरणादायी उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

मेहनत और अनुशासन से हासिल की बड़ी सफलता: जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने कहा कि शिखा रानी ने अपनी मेहनत, अनुशासन और प्रतिभा के बल पर यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त कर न केवल अपने परिवार और शिक्षण संस्थान बल्कि पूरे बेगूसराय जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि शिखा रानी की यह उपलब्धि जिले के युवाओं एवं छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
नई दिल्ली में मिला सर्वोच्च सम्मान: उल्लेखनीय है कि केंद्रीय विद्यालय एचएफसी बरौनी की पूर्व छात्रा एवं बीहट निवासी शिखा रानी को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित समारोह में केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया द्वारा भारत स्काउट एवं गाइड के सर्वोच्च सम्मान ‘राष्ट्रपति पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया।
जिले में खुशी और गौरव का माहौल: शिखा रानी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से पूरे बेगूसराय जिले में खुशी और गर्व का वातावरण है। सामाजिक, शैक्षणिक एवं विभिन्न संगठनों के लोगों ने भी उनकी सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दी हैं।







Total views : 88469