बेगूसराय। 09 सितंबर। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय में ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD) 2027’ को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के युवा कार्यक्रम विभाग के तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस राष्ट्रीय कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नेतृत्व के लिए तैयार करना और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है। इसी उद्देश्य से ‘मेरा युवा भारत’ (MY Bharat), बेगूसराय जिला कार्यालय की ओर से युवाओं और शैक्षणिक संस्थानों के बीच जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
विकसित भारत क्विज़ में ऑनलाइन पंजीकरण शुरू:
VBYLD 2027 की चयन प्रक्रिया के पहले चरण के रूप में ‘विकसित भारत क्विज़’ शुरू हो चुका है। इसमें भाग लेने के लिए युवा आधिकारिक वेबसाइट mybharat.gov.in पर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। 15 से 29 वर्ष की आयु वाले युवा इसमें भाग लेने के पात्र हैं। पंजीकरण के दौरान यदि रेफरल कोड उपलब्ध हो, तो उसका उपयोग करने की अपील की गई है।
क्विज़ के बाद जिला और राज्य स्तर पर चयन:
‘विकसित भारत क्विज़’ और निबंध लेखन के बाद चयनित प्रतिभागी जिला और राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे। विभिन्न राज्यों से चयनित श्रेष्ठ युवा प्रतिनिधियों को 10 से 12 जनवरी 2027 तक नई दिल्ली में होने वाले राष्ट्रीय संवाद में शामिल होने का अवसर मिलेगा। इस राष्ट्रीय संवाद के दौरान युवाओं को नीति-निर्माताओं और प्रधानमंत्री के समक्ष अपने विचार रखने का अवसर भी मिलेगा।
सांस्कृतिक और इनोवेशन ट्रैक भी शामिल:
VBYLD 2027 में युवाओं के लिए कई अलग-अलग ट्रैक रखे गए हैं। इनमें सांस्कृतिक ट्रैक, इनोवेट फॉर भारत ट्रैक और युवा संसद ट्रैक प्रमुख हैं। सांस्कृतिक ट्रैक में—लोक नृत्य, लोक गीत, पेंटिंग, भाषण, कविता लेखन जैसी प्रतियोगिताएं होंगी। वहीं इनोवेट फॉर भारत ट्रैक के तहत ‘डिजाइन फॉर भारत’, ‘हैक फॉर सोशल कॉज’ और ‘युवा उद्यमी चुनौती’ के माध्यम से युवाओं के नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा दिया जाएगा। युवा संसद ट्रैक के फाइनलिस्टों को सीधे नई दिल्ली में होने वाले राष्ट्रीय संवाद में शामिल होने का अवसर मिलेगा।
जिला युवा अधिकारी ने युवाओं से की अपील: जिला युवा अधिकारी विवेक ने बेगूसराय के सभी विद्यालयों, महाविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों के साथ जिले के युवाओं से इस राष्ट्रीय अभियान में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है। उन्होंने युवाओं से mybharat.gov.in पोर्टल पर जल्द से जल्द अपना पंजीकरण कराने का आग्रह किया है।
यह अभियान युवाओं को अपनी प्रतिभा, विचार और नेतृत्व क्षमता को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा।






Total views : 105192