बेगूसराय: 1 जुलाई 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति (BSACS) के 28वें स्थापना दिवस के अवसर पर पटना में आयोजित सम्मान समारोह में HIV/AIDS नियंत्रण एवं जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले संस्थानों, पदाधिकारियों, सेवा प्रदाताओं और कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर BSACS के परियोजना निदेशक सुमित कुमार (भा.प्र.से.) ने 21 विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए।

इस समारोह में बिहार ग्रामीण जागरूकता अभियान समिति (BGJAS) को HIV नियंत्रण के क्षेत्र में राज्य की सर्वश्रेष्ठ संस्था के रूप में सम्मानित किया गया। यह सम्मान संस्था के कार्यपालक निदेशक ई. कौशलेंद्र कुमार ने परियोजना निदेशक सुमित कुमार से प्राप्त किया। संस्था ने गत वर्ष विभिन्न गतिविधियों, निरीक्षणों तथा NACO द्वारा कराए गए मूल्यांकन में 95.8 प्रतिशत समेकित प्रदर्शन के साथ पूरे बिहार में प्रथम स्थान हासिल किया।
तीन श्रेणियों में मिला सम्मान: BGJAS की अंबिका कुमारी को लक्षित हस्तक्षेप परियोजना एवं लिंक वर्कर स्कीम श्रेणी में प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया। वहीं समुदाय को HIV/AIDS के प्रति जागरूक एवं प्रेरित करने में उल्लेखनीय योगदान के लिए संस्था की कविता कुमारी को भी सम्मानित किया गया।
26 वर्षों से जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में सक्रिय: संस्था पिछले 26 वर्षों से बेगूसराय सहित बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश और दिल्ली के विभिन्न जिलों में जनस्वास्थ्य एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। वर्ष 2005 से HIV नियंत्रण की दिशा में संस्था लगातार अभिनव पहल कर रही है।
लगातार नौ मूल्यांकन में प्रथम स्थान: BGJAS ने वर्ष 2008 से अब तक हुए सभी नौ मूल्यांकनों में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी कार्यकुशलता और प्रभावी सेवा का प्रमाण दिया है। संस्था की इस उपलब्धि पर सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं कर्मियों ने एक-दूसरे को बधाई देते हुए इसे टीमवर्क और समर्पण का परिणाम बताया।
नेशनल पॉजिटिव न्यूज़ की ओर से बिहार ग्रामीण जागरूकता अभियान समिति (BGJAS) और सम्मानित सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ।







Total views : 92477